दोहरीघाट (मऊ)। थाना क्षेत्र के गौरीडीह कुरंगा निवासी अखिलेश ने दो अलग जन्मतिथियों और नाम बदलकर दो पासपोर्ट बनवाया। घोसी सीओ की जांच में पुष्टि होने पर उपनिरीक्षक मनोज कुमार सिंह की तहरीर पर पुलिस ने बृहस्पतिवार की शाम उसके खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है।
प्राथमिकी के अनुसार अखिलेश ने 2012 में पहली बार पासपोर्ट के लिए आवेदन किया था। इस आवेदन में उसने अपना नाम अखिलेश कुमार, जन्मतिथि 9 मार्च 1987, पिता का नाम मूसाई प्रसाद, माता का नाम इसरावती और पत्नी का नाम मीरा दर्शाया था।
इसके अलावा निवास स्थान मन 512, वार्ड नंबर-16, धनदारी, खुर्द लुधियाना, पंजाब दर्ज कराया था। इसके आधार पर 6 मार्च 2012 को पासपोर्ट जारी हुआ था, जिसकी वैधता 5 मार्च 2022 तक थी। पहले पासपोर्ट की अवधि समाप्त होने से पहले ही, वर्ष 2018 में आरोपी ने पुनः पासपोर्ट के लिए आवेदन किया।
इस बार उसने अपनी पहचान और विवरण में फेरबदल करते हुए अपना नाम केवल अखिलेश और जन्मतिथि 02 जुलाई 1995 दर्ज कराई। पिता का नाम मूसाई प्रसाद, माता का नाम इसरावती देवी और निवास स्थान दोहरीघाट थाना के गौरीडीह पोस्ट कुरंगा लिखा।
इसके आधार पर नया पासपोर्ट 09 मई 2018 को जारी किया गया, जिसकी वैधता 08 मई 2028 तक नियत है। अभिसूचना मुख्यालय उत्तर प्रदेश लखनऊ से 30 अप्रैल 2026 को पुलिस अधीक्षक मऊ को पत्र भेजकर इस मामले की उच्च स्तरीय जांच के निर्देश दिए गए थे।
जांच में यह अकाट्य रूप से सिद्ध हो गया कि अखिलेश कुमार ने विभिन्न कूटरचित दस्तावेज और फर्जी दस्तावेज का सहारा लेकर अपने व्यक्तिगत विवरण में बार-बार बदलाव किया और अवैध रूप से 02 बार पासपोर्ट बनवाने का अपराध किया है।
रिपोर्ट का संज्ञान लेते हुए पुलिस अधीक्षक मऊ ने 05 नवंबर को प्राथमिकी दर्ज करने का आदेश दिया था। इस मामले के अन्य पहलुओं की भी बारीकी से जांच कर रही है ताकि यह पता लगाया जा सके कि इस फर्जीवाड़े में और कौन-कौन लोग शामिल हैं।-सत्येंद्र भूषण तिवारी, सीओ घोसी