बलिया के उभाव थाना क्षेत्र के बेल्थरारोड निवासी नाजमीन खातून की तहरीर पर दहेज उत्पीड़न और तीन तलाक की धमकी देने के मामले में दक्षिण टोला थाना पुलिस ने पति इसरार, रफी अहमद, रुखसाना समेत छह लोगों के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज की है।
आरोप है कि शादी के बाद से ही पति सहित अन्य लोग गाड़ी, विदेश जाने के लिए पैसे और सोने की चेन की मांग को लेकर प्रताड़ित करते थे। प्राथमिकी के अनुसार, 15 मार्च 2024 को दक्षिण टोला थाना क्षेत्र के सलेमपुर चकिया निवासी इसरार अहमद के साथ उनकी शादी हुई।
शादी के बाद कुछ दिन तक सब कुछ सही चलता रहा। इसके बाद पति दहेज में गाड़ी, सोने की चेन और विदेश जाने के लिए वीजा का पैसा लाने की बात कहने लगे। मांग पूरी नहीं होने पर तलाक देने की धमकी दी।
ससुर रफी अहमद, सास रुखसाना, भसुर शहजाद, जेठानी सब्बो और ननद जैनब से इस बात की शिकायत करने पर उन्होंने भी दहेज नहीं लाने पर जिंदा जला देने की धमकी दी। उसके बाद सभी लोग तरह-तरह से शारीरिक और मानसिक रूप से प्रताड़ित करने लगे।
बीते 10 जुलाई को पति इसरार अहमद के साथ सभी लोगों ने गाली देते हुए मारपीट की। इसी बीच उनकी बहन जूही और भाई रिजवान ने बीच-बचाव किया तो उन्हें भी मारपीट कर घायल कर दिया। थानाध्यक्ष बसंत लाल ने बताया कि प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।