घोसी नगर के पट्टी मुहम्मद उर्फ काजीपुरा मोहल्ला निवासी मोबस्सरा परवीन की तहरीर और पुलिस अधीक्षक के आदेश पर दहेज उत्पीड़न के मामले में पुलिस ने मंगलवार को पति सहित नौ लोगों के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज की है।
आरोप है कि मांग पूरी नहीं होने पर विवाहिता को मारपीट कर घर से निकाल दिया गया और जान से मारने की धमकी दी गई। प्राथमिकी के अनुसार पट्टी मुहम्मद उर्फ काजीपुरा निवासी मोबस्सरा परवीन का निकाह गांव के ही फरहान अंसारी से तीन फरवरी 2024 को हुआ था।
आरोप है कि निकाह के बाद से ही पति फरहान अंसारी, सास नादेरा परवीन, ननद हेना, सना, नेहा, समरीन, अयान, दामाद तथा अयान के एक अज्ञात साथी ने 17 लाख रुपये और चार पहिया वाहन की मांग शुरू कर दी।
मांग पूरी करने में असमर्थता जताने पर आरोपियों ने गाली-गलौज करते हुए मारपीट कर घर से निकाल दिया। बाद में समझाने-बुझाने पर ससुराल पक्ष ने दोबारा रखने के लिए सहमति जताई।
आरोप है कि बीते 20 जनवरी को पुत्री के जन्म के बाद प्रताड़ना और बढ़ गई। इसके बाद ससुराल पक्ष के लोगों ने गाली-गलौज करते हुए फिर घर से निकाल दिया। कोतवाली प्रभारी निरीक्षक प्रमेंद्र सिंह ने बताया कि प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।