ससुराल पक्ष के लोग दहेज में विकलांग पिता से 10 हजार रुपये और मकान की रजिस्ट्री की मांग कर रहे हैं। मांग पूरी नहीं होने पर आए दिन मारपीट करते हैं। एक बार पुलिस के सामने और एक बार पंचायत में समझौता हुआ, बावजूद इसके उनके व्यवहार में सुधार नहीं हुआ।
पीड़िता रक्षा गुप्ता की तहरीर पर कोपागंज थाना पुलिस ने शुक्रवार शाम पति गोपाल गुप्ता, सास लालमुनि, कामिंदर सहित छह लोगों के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज की है।
प्राथमिकी के अनुसार, कोपागंज थाना क्षेत्र के वाजिदपुरा मोहल्ला निवासी रक्षा गुप्ता के पिता विकलांग हैं और वह उनकी इकलौती संतान हैं। रक्षा की शादी 26 फरवरी 2024 को रसड़ा स्थित श्रीनाथ जी मठ में बलिया जनपद के फेफना थाना क्षेत्र के फतेहपुर गांव निवासी गोपाल गुप्ता से हुई थी।
शादी के बाद जब वह मायके गईं तो पति गोपाल, सास लालमुनि, ससुर कामिंदर गुप्ता, जेठ विष्णु गुप्ता, जेठानी सोनी गुप्ता और ननद रेनु गुप्ता कम दहेज को लेकर ताना मारने लगे। बाद में सभी मारपीट करने लगे।
रक्षा गुप्ता ने 8 मार्च 2025 को फेफना थाना में लिखित शिकायत की। भविष्य में मारपीट नहीं करने की बात स्वीकारने पर दोनों पक्षों में सुलह हो गया, लेकिन कुछ महीनों बाद सभी फिर से मारपीट करने लगे, जिसके चलते वह पिता के घर चली आईं।
तीन माह बाद पति, सास और ससुर वहां पहुंचे। माफी मांगते हुए 7 अक्तूबर 2025 को स्टांप पेपर पर लिखकर आगे से मारपीट नहीं करने का वादा किया।
पीड़िता का आरोप है कि बीते 8 मई को ससुराल पक्ष के लोगों ने फिर मारपीट की और पति ने गले पर चाकू रखकर जान से मारने की धमकी दी। थाना प्रभारी निरीक्षक रविंद्रनाथ राय ने बताया कि प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।