बहुजन मुक्ति पार्टी के कार्यकर्ताओं ने मंगलवार को प्रदर्शन करते हुए नगर क्षेत्र में ईवीएम की प्रतिकात्मक शवयात्रा निकाली। शवयात्रा विभिन्न स्थानों से होते हुए कलेक्ट्रेट पहुंची जहां उसका दाह संस्कार भी किया गया।
अपनी मांगों के बाबत सदर तहसीलदार को ज्ञापन सौंपा और चुनाव में इसके इस्तेमाल पर रोक लगाने की मांग की। इस दौरान आयोजित सभा में कार्यकर्ताओं ने कहा कि ईवीएम से फीयरलैस, फेयर और ट्रांसपरेटिव इलेक्शन संभव नहीं है।
पार्टी के कार्यकर्ताओं ने नगर क्षेत्र के भीटी से शव यात्रा निकाली जो बालनिकेतन, डीसीएसके मोड़, रोडवेज, आजमगढ़ तिराहा, गाजीपुर तिराहा, नरईबांध होते हुए कलेक्ट्रेट पहुंची यहां चुनाव के दौरान ईवीएम का इस्तेमाल न किए जाने की मांग को लेकर प्रदर्शन हुआ।
प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने ईवीएम के शव को जलाकर उसका दाह संस्कार भी किया। इस दौरान आयोजित सभा को रामबली और महासचिव मरछू प्रजापति ने संबोधित करते हुए कहा कि ईवीएम से चुनाव कराना लोकतंत्र की हत्या है क्योंकि बगैर पेपर ट्रेल लगाए चुनाव कराना धोखाधड़ी की निशानी है।
कार्यकर्ताओं ने ईवीएम के संचालन पर रोक लगाने की मांग को लेकर ज्ञापन सदर तहसीलदार को सौंपा। रमानंद, रविंद्र खरवार, प्रमोद गुप्ता, मेवालाल, धनंजय यादव, मुमताज अहमद, सुरेंद्र कुमार, हाशिम पसमांदा, अशोक आदि मौजूद रहे।