शहर कोतवाली के हिंदी भवन के पास ट्रांसफार्मर कारखाने के बगल में नाले में लगी आग।
- फोटो : mau
शहर कोतवाली क्षेत्र के हिंदी भवन के पास नाले में ट्रांसफार्मर से रिस कर गिरे तेल में आग लगने से अफरातफरी मच गई। धीरे-धीरे आग वर्कशाप की तरफ बढ़ने लगी। नाले से तेज लपटें निकलने पर आसपास के लोग मिट्टी डालकर आग बुझाने लगे। इस दौरान बाल निकेतन से आजमगढ़ मोड़ तक जाने वाले वाहन चालकों में हड़कंप मच गया। इसके चलते जो जहां थे वहीं रुक गए। इससे जाम की स्थिति रही।
आजमगढ़ मोड़ से बाल निकेतन की तरफ आने वाले वाहन डीसीएसके रोड से होते हुए भीटी गए। फायरकर्मियों ने आग पर काबू पाया।
नगर के हिंदी भवन के पास बिजली विभाग का वर्कशॉप है। यहां पर जले हुए ट्रांसफार्मर मरम्मत का कार्य होता है। वर्कशॉप में मरम्मत कार्य के दौरान ट्रांसफार्मर से जला तेल रिस कर नाले में चला जाता है। इसी बीच एक दुकानदार की लापरवाही से रविवार की मध्याह्न नाले मे भीषण आग लग गई। आग लगने से वहां पर अफरातफरी मच गई। आग धीरे-धीरे हिंदी भवन से होते हुए वर्कशॉप की तरफ बढ़ रही थी। आग की लपटें देखकर लोगों को अनहोनी की चिंता सताने लगी थी। सूचना मिलते ही आसपास के लोग मिट्टी डालकर कर आग बुझाने लगे। इसके चलते जो जहां थे वहीं रुक गए। इसके चलते प्रमुख मार्ग पर जाम की स्थिति रही। आग लगने की सूचना पर आजमगढ़ मोड़ से बाल निकेतन की तरफ जाने वाले वाहन चालक डीसीएसके रोड से होते हुए गए। सूचना पर पहुंचे फायरकर्मियों ने आग पर काबू पाया। सूचना पाकर फायर ब्रिगेड की दो गाड़ियां मौके पर पहुंच कर नाले की आग पर काबू पाया। आग लगने के कारण सड़क के दोनों तरफ वाहनों का रेला लग गया।
आग बुझने से लोगों ने राहत की सांस ली। लोगों का कहना था कि घटनास्थल से अग्निशमन कार्यालय की दूरी 200 मीटर थी, लेकिन फायरकर्मियों को पहुंचने में आधा घंटा लग गया। इस बाबत वर्कशाप एसडीओ मनोज मिश्रा का कहना है कि मरम्मत कार्य के दौरान ट्रांसफार्मर से निकला तेल नाले में गिर गया था। एक दुकानदार की लापरवाही के चलते आग लग गई। आग पर तुरंत काबू पा लिया गया।