कई साल पूर्व लगे विद्युत तारों को न बदले जाने से आए दिन तार टूटने और फाल्ट होने की समस्या आ रही है। बरसात में फाल्ट अधिक होने से निर्धारित शेड्यूल के अनुसार बिजली नहीं मिल रही है जिससे समस्या बढ़ रही है।
बरसात के मौसम में बिजली कटौती की समस्या और बढ़ गई है। तहसील मुख्यालय को कम से कम साढ़े 21 घंटे और ग्रामीण क्षेत्र में 18 घंटे बिजली आपूर्ति का आदेश है, लेकिन जर्जर तारों और केबल में फाल्ट आने से दिन में कई-कई बार आपूर्ति बाधित हो रही है।
मुहम्मदाबाद गोहना कस्बा क्षेत्र में स्टेशन रोड, एसडीएम कॉलोनी, गांधीनगर, ब्लॉक, रोडवेज आदि क्षेत्रों में एलटी लाइन के लिए एबीसी केबल और एचटी के लिए अल्युमिनियम तार लगे हैं।
धूप बरसात, गर्मी के चलते केबिल कमजोर हो गई है, जिससे बरसात और हवा से केबल और ट्रांसफार्मर में फाल्ट की समस्या अधिक हो रही है। ग्रामीण क्षेत्रों में समस्या और अधिक है।
अभी तीन दिन पूर्व करहां सब स्टेशन से आपूर्ति वाली अंडरग्राउंड केबल में फाल्ट से क्षेत्र में लगभग 34 घंटे बिजली बंद रही। समस्या से क्षेत्र के तीन दर्जन से अधिक गांव के ग्रामीण, किसान परेशान है। क्षेत्र में ट्रांसफॉर्मर फाल्ट की भी समस्या बढ़ी है।
ऊर्जा मंत्री के सख्त निर्देश और विभागीय कड़ाई के चलते विभागीय अधिकारी और कर्मचारी मुस्तैद हैं, लेकिन ग्रामीण क्षेत्रों में कम से कम 6 से 8 घंटे और नगर में तीन से चार घंटे आपूर्ति बाधित होना आम है।
केबल टूटने की घटनाएं आकस्मिक हैं लेकिन फाल्ट ठीक करने को लेकर कर्मचारी और अधिकारी हमेशा तत्पर रहते हैं। फाल्ट की सूचना मिलने पर उसे फौरन ठीक करा कर आपूर्ति बहाल कर दी जाती है।
-नीरज कुमार, एसडीओ विद्युत, मुहम्मदाबाद गोहना