नगर के सिंधी कालोनी में कपड़ों की खरीदारी करते रोजेदार।
- फोटो : mau
ईद में आठ दिन ही शेष हैं। पर्व की तैयारियां अंतिम दौर में हैं। पर्व को देखते हुए बाजारों में गहमागहमी रही। ईद को लेकर लोगों में उत्साह का माहौल है। लोग देर शाम तक खरीदारी करते रहे।
ईद पर्व की तिथि जैसे-जैसे नजदीक आ रही है। वैसे खरीदारी में तेजी आती जा रही है। मंगलवार को नगर क्षेत्र के मिर्जाहादीपुरा, सदर चौक, रौजाबाजार, सिंधी कालोनी, औरंगाबाद, मधुबन, घोसी, मुहम्मदाबादगोहना, वलीदपुर सहित विभिन्न प्रमुख बाजारों की दुकानों पर कपड़े, सजावट के सामान, शृंगार के सामान और सेवईं आदि दुकानों पर खरीदारों का मजमा लगा रहा। महिलाओं तथा बच्चों की भीड़ बाजार में बढ़ जाने से गहमागहमी बढ़ गई थी। इसके चलते बाजारों की सड़कों पर जाम की स्थिति रही।
देर शाम तक बाजार गुलजार रहे। ज्यादा भीड़ सेवइयों के स्टॉल, रेडीमेड कपड़ों की दुकानों पर देखी गई। अपने सामर्थ्य के अनुसार लोग खरीदारी करते देखे जा रहे थे। ईद की तैयारी के साथ ही कई स्थानों पर रोजा इफ्तार पार्टी का भी आयोजन हो रहा है। भीषण गर्मी के बाद भी ईद की तैयारी को लेकर मुस्लिम वर्ग में जबरदस्त उत्साह देखा जा रहा था। व्यापारी भी मुस्लिम ग्राहकों को तरजीह दे रहे थे। सहादतपुरा में खरीदारी करने आए एकबाल अहमद, रियाजुद्दीन का कहना था कि बच्चे नए कपड़े की मांग कर रहे है, महंगाई से बजट गड़बड़ा जा रहा है लेकिन पर्व तो मनाना ही है।