मुआवजा न मिलने से नाराज किसानों ने किया प्रदर्शन
- फोटो : अमर उजाला
उत्तर प्रदेश के कोपागंज थाना क्षेत्र के ढेकवारा गांव में शुक्रवार को जमीन का मुआवजा न मिलने से नाराज किसानों ने प्रदर्शन किया। अपने जमीन में जेपी ग्रुप द्वारा कराए जा रहे फोर लेन सड़क के निर्माण कार्य को रोक दिया। काम बंद होने की सूचना मिलने पर एनएचएआई के अधिकारी मौके पर पहुंचे। बाद में सूचना मिलने पर उपजिलाधिकारी सदर राजस्वकर्मी भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। दोनों पक्षों से वार्ता करने के बाद अधिकारियों ने किसानों को मुआवजा संबंधी समस्या का निदान कराया तब जाकर फोरलेन निर्माण कार्य शुरू हो सका।
ढेकवारा गांव में हाइवे से सटे धर्मचंद, अशोक ,प्रमोद, संतोष आदि किसानों की 74 हेक्टेयर जमीन है। फोरलेन के लिए एनएचएआई द्वारा तीन वर्ष पूर्व अधिगृहीत किया गया था। लेकिन आज तक किसानों को अधिग्रहित जमीन का मुआवजा नहीं मिला। इस तरह से किसानों का करीब 3 करोड़ 75 लाख रुपये का भुगतान बाकी है। शुक्रवार की सुबह जैसे ही एनएचएआई के अधिकारियों ने इन जमीनों पर कार्य शुरू कराया तो ग्रामीणों ने कार्य को रोक दिया।