कलेक्ट्रेट पर मांगों को लेकर प्रदर्शन करते संयुक्त किसान मोर्चा के कार्यकर्ता। स्रोत- स्वयं
मऊ। कलेक्ट्रेट पर सोमवार को संयुक्त किसान मोर्चा के राष्ट्रव्यापी ‘जेल भरो आंदोलन’ के तहत कार्यकर्ताओं ने विरोध प्रदर्शन किया। किसानों ने 11 सूत्रीय मांगों को लेकर राष्ट्रपति को संबोधित ज्ञापन सिटी मजिस्ट्रेट को सौंपा। प्रदर्शनकारियों ने किसानों और मजदूरों से जुड़े मुद्दों पर केंद्र सरकार से तत्काल कदम उठाने की मांग की।
ज्ञापन सौंपते हुए देवेंद्र प्रसाद मिश्रा ने कहा कि भारत-अमेरिका मुक्त व्यापार समझौते से देश के छोटे किसानों, कृषि क्षेत्र और स्थानीय उद्योगों को गंभीर नुकसान पहुंचने की आशंका है। उन्होंने नए श्रम कोड को मजदूर विरोधी बताते हुए इन्हें तत्काल वापस लेने की मांग की।
उन्होंने कहा कि स्वामीनाथन आयोग के फार्मूले के अनुसार सभी फसलों पर न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) की कानूनी गारंटी दी जानी चाहिए, ताकि किसानों को उनकी उपज का उचित मूल्य मिल सके। इस दौरान अब्दुल अजीम खां, श्रीराम सिंह, हरिलाल, शेर मोहम्मद, कैलाश चौहान, संगीता, उर्मिला, लल्लन यादव और जयराम यादव समेत बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे।