मऊ में समितियों पर खाद आते ही डीएपी के लिए किसानों की भीड़ उमड़ पड़ी।सुबह से ही समितियों पर लंबी कतारें लगी हैं। किसानों ने मांग की है कि पर्याप्त मात्रा में खाद की व्यवस्था की जाए।
मऊ जिले के घोसी नगर के मझवारा मोड़ स्थित इफको किसान सेवा केंद्र सहित अन्य समितियों पर शनिवार को सुबह से ही डीएपी लेने के लिए किसानों की लाइनें लगनी शुरु हो गई। जिससे किसानों को खाद लेने में काफी परेशानियों का सामना करना पड़ा। किसानों ने मांग की है कि पर्याप्त मात्रा में खाद की व्यवस्था की जाए ताकि किसानों को लाइनें न लगानी पड़े।
विज्ञापन
घोसी नगर के मझवारा मोड़ के समीप एकमात्र इफको किसान सेवा केंद्र, क्रय विक्रय केंद्र घोसी सहित अन्य समितियों पर डीएपी आने की सूचना पर किसान शनिवार को सुबह से ही लाइनों में लगना शुरु कर दिया। सुबह दस बजे तक किसानों की लंबी लाइन गई। इस संबंध में केंद्र पर खाद लेने आए वीरेंद्र यादव, विजय प्रताप राजभर ने बताया कि आधार कार्ड एवं बायोमैट्रिक वेरिफिकेशन के बाद खेतों की आवश्यकतानुसार खाद वितरित की जा रही है।
किसान शेख हिसामुद्दीन, अनिल कुमार शर्मा ने बताया कि यही खाद दुकानों पर अधिक मूल्य पर मिल रही है। जबकि केंद्र पर आने पर खाद नहीं होने का हवाला देते हुए वापस कर दिया जा रहा है। जिससे खेत की तैयारी के बाद भी बुबाई नहीं हो पा रही है। इस बाबत क्रय विक्रय केंद्र घोसी के प्रभारी इंद्रजीत पटेल का कहना है कि किसानों के आधार कार्ड एवं बायोमैट्रिक वेरिफिकेशन के उपरांत ही खाद नियानुसार वितरित की जा रही है।किसानों के आरोप निराधार है।