मुहम्मदाबाद गोहना-वलीदपुर। मुहम्मदाबाद गोहना कोतवाली क्षेत्र में पूर्वांचल एक्सप्रेसवे बाईपास के सर्विस रोड पर सोमवार सुबह करीब सात बजे खेत देखने गए किसान की अज्ञात वाहन की चपेट में आने से मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद चालक वाहन लेकर भाग गया। पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
नोनियापुर गांव निवासी बेचू यादव चौहान (60) सोमवार सुबह पूर्वांचल एक्सप्रेसवे किनारे अपने धान के खेत की फसल देखने गए थे। भुजही मोड़ की ओर से तेज रफ्तार आ रहे अज्ञात वाहन ने उन्हें टक्कर मार दी। ग्रामीणों की सूचना पर परिजन मौके पर पहुंचे। मृतक के परिवार में कोहराम मचा है। परिजनों के मुताबिक मृतक का इकलौता पुत्र चंद्रभान दिल्ली में निजी कंपनी में काम करता है। घर पर केवल मृतक की वृद्ध पत्नी और बहू हैं। परिवार की जीविका खेती पर ही निर्भर थी। कोतवाल केके वर्मा ने बताया कि एक्सप्रेसवे किनारे लगे सीसीटीवी कैमरों की मदद से वाहन और चालक की तलाश की जा रही है।