मुहम्मदाबाद गोहना। तहसील क्षेत्र के हलीमाबाद गांव में अजीब विडंबना है। जिस गांव ने जनपद को रोशन करने के लिए 132/33 और 33/11 केवीए के सब स्टेशन के लिए 20 बीघा जमीन दी, वही गांव पिछले 48 घंटे से अंधेरे में डूबा है। गांव में बिजली न होने से पेयजल संकट खड़ा हो गया है।
ग्रामीणों के अनुसार गत शनिवार को भारी बरसात औरआंधी के चलते बिजली के तीन विद्युत पोल टूट गए हैं, जिससे विद्युत आपूर्ति बधित है। बिजली न होने से पेयजल की समस्या बनी हुई है।गांव में हैंडपंप भी खराब पड़ा है। मिट्टी का तेल भी बाजार से गायब है। ऐसे में ग्रामीणों के सामने रोशनी और पानी की दोहरी समस्या खड़ी हो गई है।ग्रामीण महेश प्रजापति, सुक्खू, सोनू, लालू, संतोष सोनकर सहित अन्य लोगों ने बताया कि सब स्टेशन गांव में ही है, फिर भी शिकायत के बाद भी विद्युत निगम ध्यान नहीं दे रहा है। पूरे गांव में पेयजल की किल्लत बनी हुई है। ग्रामीणों ने जिलाधिकारी और विद्युत निगम के आला अधिकारियों से जल्द बिजली आपूर्ति बहाल करने और टूटे पोलों को ठीक करने की मांग की है।
क्षेत्र में कई जगह पोल और तार टूटने की समस्या है। धीरे-धीरे सभी पोल सही कराया जा रहा है। समस्या का संज्ञान है। आज नए पोल लगाकर आपूर्ति बहाल कर दी जाएगी। - रविंद कुशवाहा अवर अभियंता विद्युत