ग्रेजुएशन कर रहे बेटे का विवाह करने केे एवज में दहेज में सात बीघा जमीन, एक कार देने का लालच देकर ठगों ने किसान को दस लाख रुपये का ठगी का शिकार बना लिया। किसान ने कोपागंज थाने पहुंचकर रिपोर्ट दर्ज कराने के लिए पुलिस को प्रार्थना पत्र सौंपा। आरोप है पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर पीड़ित की मदद करने की बजाय डाटकर भगा दिया।
कोपागंज थाना क्षेत्र के टड़ियाव गांव निवासी विशुनधारी पुत्र शिवचंद्र ने पुलिस को बताया कि उसका पुत्र ग्रेजुएशन कर रहा है। एक माह पूर्व ब्लाक के एक गांव के पूर्व प्रधान के साथ एक युवक के साथ उसके घर पर शादी का प्रस्ताव लेकर आया। बातचीत के दौरान युवक ने कहा कि वह दहेज में चार लाख रुपये नगद के साथ एक कार के साथ-साथ सात बीघा जमीन देगा।
पूर्व प्रधान के साथ में होने के कारण विशुनधारी ने युवक की बात को सुनकर शादी के लिए हां कर दिया। इस बीच युवक ने विशुनधारी से संपर्क साधा और बताया कि आजमगढ़ जिले के सठियांव निवासी उनके एक परिचित को दस लाख रुपये की आवश्यकता है। बोला कि वैवाहिक कार्यक्रम में रुपये की जरूरत है।
विशुनधारी होने वाले तथाकथित रिश्तेदार के झांसे में आकर बीते तीन दिसंबर को वह दस लाख रुपया आजमगढ़ पहुंचकर एक होटल के कमरे में दिए। उसके बाद कथित रिश्तेदार और रुपये लेने वाले मौके से आनन फानन में फरार हो गए। अब दोनों में से किसी का फोन नहीं रिसीव हो रहा है।
थानाध्यक्ष कोपागंज अजय कुमार तिवारी ने बताया कि उन्हे इस तरह की किसी घटना की जानकारी नहीं है।