मधुबन के जूनियर हाई स्कूल पर कचरा पृथक्करण को समझाते कर्मचारी
नगर पंचायत मधुबन के वार्ड संख्या सात स्थित इंग्लिश मीडियम जूनियर हाईस्कूल में बुधवार को सेवा ही संकल्प अभियान के तहत स्वच्छता जागरूकता कार्यक्रम हुआ। नगर पंचायत की आईईसी टीम ने विद्यार्थियों को स्वच्छता, कचरा पृथक्करण और प्लास्टिक के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक किया।
कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों को चार डस्टबिन प्रणाली के बारे में जानकारी दी गई। टीम के सदस्यों ने गीले, सूखे और अन्य प्रकार के कचरे को निर्धारित डस्टबिन में अलग-अलग रखने के महत्व को समझाया। बच्चों को बताया गया कि कचरे का स्रोत पर ही पृथक्करण करने से उसके निस्तारण की प्रक्रिया आसान होती है और स्वच्छता व्यवस्था बेहतर होती है। टीम ने प्लास्टिक के बढ़ते इस्तेमाल से होने वाले दुष्प्रभावों के बारे में भी विद्यार्थियों को जानकारी दी। विद्यार्थियों से सिंगल यूज प्लास्टिक का प्रयोग कम करने और उसके स्थान पर पुन: उपयोग होने वाली वस्तुओं का इस्तेमाल करने की अपील की गई। आईईसी टीम ने विद्यार्थियों से अपने घर और आसपास के क्षेत्र में भी स्वच्छता बनाए रखने की अपील की। साथ ही नगर को स्वच्छ और सुंदर बनाने में नागरिकों की सहभागिता को जरूरी बताया। इस दौरान आईईसी टीम के अरमान और सुधीर कुमार मौजूद रहे।