साड़ी उद्योग पर लगाए गए काले कानून जीएसटी के खिलाफ मऊ हैंडलूम कुटीर उद्योग के आह्वान पर जिले के विभिन्न व्यापार संगठनों से जुड़े सभी व्यापारियों तथा बुनकरों ने कौड़ी बिल्डिंग पर सोमवार को धरना प्रदर्शन किया।
अखिल भारतीय उद्योग व्यापार मंडल के जिलाध्यक्ष रामगोपाल गुप्त ने कहा कि हैंडलूम साड़ियों पर जीएसटी पांच प्रतिशत की दर से लगाकर बुनकरों और साड़ी व्यवसायियों को बर्बाद करने की नापाक मंशा है। इसे किसी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उप्र उद्योग व्यापार प्रतिनिधिमंडल के जिला महामंत्री गोपाल कृष्ण बरनवाल ने कहा कि जनप्रतिनिधियों के माध्यम से कपड़ा व्यवसायियों तथा बुनकरों की समस्याओं को वित्त मंत्री तक पहुंचाकर ही समाधान संभव है। बुनकरों और कपड़ा व्यवसायियों की मांगों को सरकार से मनवाकर ही दम लिया जाएगा।
मऊ हैंडलूम कुटीर उद्योग के महासचिव जमाल अर्पण ने कहा कि जीएसटी जैसे काले कानून से मऊ का ताना बाना पूरी तरह से समाप्त करने का कुचक्र है। उन्होंने 12 जुलाई को मऊ बंद को सफल बनाने का आह्वान किया। उप्र उद्योग व्यापार मंडल के जिलाध्यक्ष उमाशंकर ओमर ने कहा कि जीएसटी को समाप्त करने के लिए हम केंद्र सरकार की ईंट स े ईंट बजा देंगे और मऊ हैंडलूम की सनत को किसी भी कीमत पर बरबाद नहीं होने देंगे।
धरने को मुस्तफा चमन, हाजी मुख्तार, मोहम्मद इकबाल, तैयब पालकी, रितेश अग्रवाल, सुरेश कल्यानिया, कन्हैया जायसवाल, अकरम प्रीमियर, महातम यादव, हाजी इरशाद, महेंद्र सिंह, आशीष अग्रवाल, परवेज अंचल, जुगनू ओसवाल, हाजी शमशाद अहमद, रईस अहमद, वीरेंद्र, रामकेर विश्वकर्मा आदि व्यापारियों ने संबोधित किया।