मऊ। नगर के एकमात्र रोज गार्डन में जल्द ही प्रवेश शुल्क (एंट्री फीस) देना होगा। इसका निर्णय 10 सदस्यीय ‘जिला उद्यान विकास समिति’ ने लिए है। शुल्क से राजस्व से गार्डन में नया ओपेन जिम, इंडोर बैडमिंटन कोर्ट, स्ट्रीट लाइट जैसी कई सुविधाएं विकसित की जाएंगी।
प्रवेश शुल्क को लेकर तीन कैटगरी बनाई गई है, इसमें रोजाना, छमाही और वार्षिक शुल्क की सुविधा की योजना है। उधर, इकलौते पार्क में प्रवेश पर शुल्क को लेकर मिलाजुला असर भी देखने को मिल रहा है।
जहां कई लोग इस निर्णय को लेकर विरोध जता रहे हैं तो वहीं कई लोग इसे विकास के तौर एक सकारात्मक कदम उठाना बता रहे हैं। जिला उद्यान अधिकारी संदीप गुप्ता ने बताया कि शासन के आदेश के क्रम में जिलाधिकारी प्रवीण मिश्रा ने 10 सदस्यीय जिला उद्यान विकास समिति का गठन किया गया है।
बुधवार की शाम को समिति की सभी सदस्यों की बैठक गार्डन में हुई। इसमें पार्क के रख-रखाव और संसाधनों की उपलब्धता को लेकर इसका निर्णय लिया गया कि अब पार्क में प्रवेश शुल्क की राशि लगाई जाएगी। इसके तहत पांच रुपये का शुल्क की योजना है, बताया कि इससे मिलने वाली राशि से गार्डन के विकास के लिए महत्वपूर्ण कार्य होंगे।
बताया कि इससे भविष्य में नया ओपेन जिम, इंडोर बैडमिंटन कोर्ट, स्ट्रीट लाइट, प्लास्टिक डस्टबिन, बेंच, तालाब के लिए फव्वारा लगाना आदि शामिल हैं। वहीं बैठक में शामिल सदस्य नपा अध्यक्ष अरशद जमाल ने बताया कि नगर पालिका द्वारा पार्क में समुचित प्रकाश व्यवस्था, रास्ता निर्माण, साफ सफाई, जल निकासी आदि को सुगम बनाने का कार्य किया जाएगा।