यूपी के मऊ में ट्रेनें लेट होने से यात्रियों को काफी परेशानी हुई। लोग अपने समय के अनुसार कहीं नहीं पहुंच सकें। मऊ से दुल्लहपुर तक सिंगल लाइन होने से लगभग तीन घंटे तक ट्रेनों का आवागमन ठप हो गया था।
मऊ के भटनी वाराणसी रेलमार्ग पर दुल्लहपुर रेलवे स्टेशन से पहले रविवार की सुबह 7.15 बजे ट्रेन का इंजन फेल हो गया। सिंगल लाइन होने से दोनों तरफ आठ ट्रेनें जहां तहां रोक दी गई थीं, इससे यात्रियों को काफी परेशानी हुई।
विज्ञापन
रोज सुबह आजमगढ़ से वाराणसी सिटी चलने वाली आजमगढ़ वाराणसी सिटी मेमू (65109) रविवार की सुबह 6.35 बजे मऊ जंक्शन के लिए निकली। लेकिन 19 किमी दूर दुल्लहपुर रेलवे स्टेशन से एक किमी पहले 7.15 बजे ट्रेन का इंजन फेल हो गया। मऊ से दुल्लहपुर तक सिंगल लाइन होने से लगभग तीन घंटे तक ट्रेनों का आवागमन ठप हो गया।
वाराणसी से गोरखपुर, गोरखपुर और बलिया की तरफ से वाराणसी जाने वाली सुबह की आठ ट्रेनों का संचालन प्रभावित हो गया। लोको पायलट की सूचना पर मऊ जंक्शन से इंजीनियरों की टीम 9.30 बजे दूसरा इंजन लेकर मौके पर पहुंची। इंजन लगाकर ट्रेन को प्लेटफार्म तक पहुंचाया गया। फिर दूसरा इंजन लगाने के बाद ट्रेन वाराणसी सिटी के लिए दुल्लहपुर से 10.17 बजे रवाना हुई।
विज्ञापन
इस बीच, गोरखपुर से मुंबई जाने वाली समर स्पेशल (01124) करीब तीन घंटे तक पिपरीडीह रेलवे स्टेशन पर खड़ी थी। काशी एक्सप्रेस (15018), भटनी वाराणसी सिटी मेमू (65107), कृषक एक्सप्रेस (15008), गोरखपुर इंटरसिटी एक्सप्रेस (15104), लिच्छवी एक्सप्रेस (14006), बनारस भटनी एक्सप्रेस (55138) का संचालन प्रभावित रहा। गर्मी में लेट होने से यात्रियों को परेशानी हुई।