गोठा में बुधवार देर रात ऐतिहासिक राम-भरत मिलाप का मंचन हुआ। भगवान श्रीराम और उनके छोटे भाई भरत के मिलन का दृश्य देखकर श्रद्धालु भावविभोर हो उठे। दोनों भाइयों के गले मिलते ही मंडी परिसर जय श्रीराम के उद्घोष से गूंज उठा।
इस दौरान गाजीपुर से आए जागरण दल ने आकर्षक झांकियां प्रस्तुत कीं। शिव और राधा-कृष्ण की झांकियां विशेष आकर्षण का केंद्र रहीं। भक्ति गीतों के बीच प्रस्तुत झांकियों ने श्रद्धालुओं का ध्यान खींचा। मधुबन विधानसभा क्षेत्र के युवा नेता भरत, अजीत राय और अवधेश कुमार मुख्य अतिथि रहे। उन्होंने भगवान श्रीराम की आरती उतारी और क्षेत्र की सुख-समृद्धि की कामना की। रामलीला में 14 वर्ष का वनवास पूरा कर श्रीराम के अयोध्या लौटने का प्रसंग मंचित किया गया। श्रीराम के आगमन की सूचना पर भरत उनसे मिलने के लिए व्याकुल हो उठे। राम-भरत मिलाप के इस प्रसंग ने श्रद्धालुओं को प्रेम, त्याग और समर्पण का संदेश दिया। गोठा सहित आसपास के गांवों से बड़ी संख्या में लोग आयोजन देखने पहुंचे। सुरक्षा व्यवस्था के लिए थाना प्रभारी निरीक्षक रामायण सिंह पुलिस बल के साथ मुस्तैद रहे।