मऊ। एक बार फिर एंबुलेंस के ईएमटी तथा पायलट की सूझबूझ से न सिर्फ गर्भवती की जान बची बल्कि दोनों ने एंबुलेंस में ही सुरक्षित प्रसव कराया। डाक्टरों ने बताया कि जच्चा-बच्चा सुरक्षित हैं, जिन्हें अस्पताल में भर्ती कराया है।
बुधवार की भोर में परदहा ब्लाक के ताजोपुर निवासी विशाल की पत्नी रंजना की डिलीवरी को लेकर उसने 102 एंबुलेंस को सूचना दी। सूचना मिलने पर 12 मिनट के भीतर ही जिला अस्पताल से एंबुलेंस पहुंचने के बाद विशाल अपनी पत्नी को लेकर जिला महिला अस्पताल के लिए निकला, लेकिन कुछ देर के बाद ही बीच रास्ते में महिला को प्रसव पीड़ा होने लगी। इस पर ईएमटी राजेश कुमार यादव और पायलट राजेश कुमार के सहयोग से एंबुलेंस में ही डिलीवरी कराई गई। एंबुलेंस सेवा प्रदाता कंपनी के ईएमई स्वनील सौरभ ने बताया कि जच्चा-बच्चा दोनों सुरक्षित हैं। सुरक्षित प्रसव के बाद दोनों को महिला अस्पताल में भर्ती कराया गया।