मऊ। नगर क्षेत्र में मंगलवार से महा सफाई अभियान शुरू हो गया है। इसके तहत सफाई का कार्य जोरशोर के साथ चल रहा है। इसका जमकर प्रचार-प्रसार किया जा रहा है। लेकिन दूसरी तरफ नगर के कई जगहों पर आबादी के बीच खाली प्लाट पर जलभराव की स्थिति होने के बावजूद जिम्मेदार मुंह मोड़े हुए हैं। उधर सफाई के बावजूद नगर के कई हिस्सों में जलभराव के साथ गंदगी की समस्या बनी हुई है। जबकि इन दिनों जिले में डेंगू के मरीजों की संख्या लगातार बढ़ रही है, बीते 48 घंटे में चार नए मरीज मिलने से यह संख्या 40 पहुंच गई है।
45 वार्डों के साढ़े तीन लाख की आबादी वाले मऊ नगर पालिका में दो सफाई निरीक्षक, 40 सफाई नायकों के साथ करीब 475 ठेके, 88 स्थाई और 176 संविदा सफाई कर्मचारियों की टीम है। जहां इनके द्वारा छोटे 50 मिनी डंफर, 13 ट्रैक्टर ट्राॅली, 4 ट्रक, 4 रिसोर्स कपंक्ट्रेर के अलावा 300 हाथ ठेले, 10 ई-रिक्शा की सुविधा से प्रतिदिन नगर से करीब 120 मीट्रिक टन कचरा एकत्र कर परदहा डंपिंग ग्राउंड में डंप किया जा रहा है। बीते मंगलवार से शुरू हुआ महा सफाई अभियान के तहत इस कचरे के अलावा करीब 40 मीट्रिक टन कचरा एकत्र किया गया है। लेकिन यह अभियान भी और नियमित सफाई की समस्या से अब भी कई मुहल्ले कोसों दूर हैं। इसमें नगर के मुसरदह मोड़ स्थित मुहल्ले, निषाद नगर, बढुआगोदाम, सलाहाबाद, ठकुरमनपुर, काझाखुर्द सहित कई जगहों पर न तो कचरा गाड़ी पहुंचती है न ही नपा का सफाई अमला, इतना ही नहीं इन जगहों पर दूर दूर तो कंटेनर की सुविधा भी नहीं है। जबकि नगर पालिका 200 कंटेनर होने का दावा करती है। लेकिन यह भी खास जगहों पर रखे गए हैं।
सुबह छह से शाम छह बजे तक चल रहा है अभियान
मऊ। विशेष अभियान के तहत चार टीमें बनाई गई हैं। इन टीमों द्वारा सफाई व्यवस्था की मानीटरिंग के तहत जहां सफाई न हो, जिन वार्ड में गंदगी की अव्यवस्था हो, खाली प्लाटों में जलभराव की स्थिति है, उसे चिह्नित कर वहां सफाई कराना है। अभियान के तहत सुबह छह बजे से शाम छह बजे तक सफाई अभियान चलाया जा रहा है। इस दौरान नपा का दावा है कि जिनके यहां खाली प्लाटों में जलभराव की स्थिति है, उसे नोटिस भी देने की कवायद की जाएगी। लेकिन यहां सवाल उठता है कि जब जिले में बीते दो माह से डेंगू के लगातार मामले बढ़ रहे हैं, जबकि इसके रोकथाम को लेकर संचारी अभियान भी चलाया जा रहा है, तो अब तक यह कवायद क्यों नहीं हुई। जबकि नगर के हनुमान नगर कॉलोनी, भीटी, निजादुद्दीनपुरा में खाली प्लाट, सहादतपुरा सहित कई जगहों पर खाली प्लाटों में जलभराव मच्छरों के प्रकोप का कारण बन रहे हैं।
यहां की सफाई व्यवस्था है सवालों के घेरे में
मऊ। नगर का हृदय स्थल कहा जाने वाला आजमगढ़ मोड़ तिराहा स्थित सब्जी मंडी के पास कूड़े का ढेर लगा हुआ है। जबकि यह नगर का बीचोबीच का हिस्सा है। यहां आजमगढ़ की तरफ से तो गाजीपुर, बलिया, गोरखपुर अन्य जगहों से रोडवेज की बसें इसी मार्ग से होकर जाती हैं। ऐसे में बाहर से आने वाले यात्रियों के मन में यह अव्यवस्था यहां की साफाई व्यवस्था पर सवाल उठा रही है। बीते वर्ष आदर्श मुहल्ला में शामिल हट्टी मदारी मुहल्ला में जमा पानी, नगर का कासिमपुरा मुहल्ला और सहादतपुरा मुहल्ला में यह अव्यवस्था सफाई व्यवस्था पर सवालिया निशान उठा रही हैं।