शहर कोतवाली क्षेत्र के सलाहाबाद मोड़ पर रविवार को एक मकान के निर्माण के दौरान हाईटेंशन तार की चपेट में आने से एक राजगीर मिस्त्री बुरी तरह से झुलस गया। जिससे आनन फानन में लोगों ने उपचार के लिए जिला अस्पताल लाया।
जहां पर चिकित्सक उसका उपचार कर रहे हैं। लेकिन उसकी स्थिति गंभीर बनी हुई है।रविवार को सलाहाबाद मोड़ निवासी एक व्यक्ति के मकान का निर्माण हो रहा था। इसी बीच सरायलखंसी थाना क्षेत्र के सियारह गांव निवासी राजगीर मिस्त्री श्यामसुंदर पुत्र रामधनी टेप से दीवार का नापने लगा।
इस बीच छत के उपर से गए हाइटेंशन तार की चपेट में वह आ गया। देखते ही देखते वह बुरी तरह से झुलस गया। स्थानीय लोगों और मकान मालिक ने घटना की जानकारी पुलिस को दी और श्यामसुंदर को तत्काल उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर घटनास्थल का मुआयना किया।
घटना के बाद जिला अस्पताल में राजगीर मिस्त्री श्यामसुंदर को हाल जानने सिटी मजिस्ट्रेट अमरनाथ राय पहुंचे। उन्होंने चिकित्सकों को अच्छी तरह से चिकित्सा करने का निर्देश दिया। वहीं अस्पताल में राजगीर मिस्त्री श्यामसुंदर की हालत गंभीर बनी हुई है।