चिरैयाकोट कस्बा सहित क्षेत्र के विभिन्न इलाकों में जर्जर तारों के आए दिन टूटने और फाल्ट होने से विद्युत आपूर्ति व्यवस्था चरमरा गई है।
लोगों को 18 घंटे के सापेक्ष लगातार 10 घंटे भी बिजली नहीं मिल पा रही है। इसके चलते भीषण गर्मी के मौसम में लोगों को दिन-रात बिताना मुश्किल हो रहा है।
लोगों ने विद्युत निगम के आला अधिकारियों को शिकायती पत्र दिया है, लेकिन अभी तक विद्युत आपूर्ति व्यवस्था को चुस्त-दुरुस्त नहीं किया जा सका है। चिरैयाकोट विद्युत उपकेंद्र से क्षेत्र के युसुफाबाद, जमीन बुढ़ान, औसतपुर, करमी, असलपुर, पचीस्ता, सेचुइ, जमीनदुर्गा, मनाजीत, समाउद्दीनपुर सहित विभिन्न इलाकों में विद्युत आपूर्ति की जाती है। जर्जर तारों के आए दिन टूटने से लोगों की परेशानी बढ़ती जा रही है।
ग्रामीणों के अनुसार गांवों में लंबे समय से विद्युतीकरण नहीं कराया जा सका है। एलटी लाइन के साथ एचटी लाइन के तार जर्जर हालत में होने से फाल्ट की समस्या होती रहती है।
इसके चलते घंटों बिजली आपूर्ति बाधित होती रहती है। इस संबंध में क्षेत्र के बसर अंसारी, इद्रीस अंसारी, सुनील गुप्ता, अनीस मलिक का कहना है कि बिजली आपूर्ति के लिए 18 घंटे का शेड्यूल बनाया गया है, लेकिन जर्जर तारों के बार-बार टूटते रहने से लगातार 10 घंटे भीं बिजली नहीं मिल पा रही है। शिकायत के बाद भी जर्जर विद्युत तारों को बदला नहीं जा सका है। इस बाबत विद्युत उपकेंद्र के अवर अभियंता तारकेश्वर मौर्य का कहना है कि कई स्थानों पर जर्जर तारों के स्थान पर केबल लगा दी गई है। शीघ्र ही जर्जर तारों को बदल दिया जाएगा।