बिजली कर्मी के मौत के बाद मौके पर लगी भीड़ व पुलिस
चिरैयाकोट। थाना क्षेत्र के युसूफबाद मोहल्ले में शुक्रवार शाम एचटी लाइन की चपेट में आने से एक बिजली संविदाकर्मी की मौत हो गई।
वह बीएसएनएल दूरसंचार केंद्र के पास बिजली की खराबी ठीक कर रहा था। इसी दौरान उपकेंद्र से अचानक बिजली आपूर्ति चालू कर दी गई, जिसकी चपेट में आने से वह बुरी तरह झुलस गया और मौके पर ही दम तोड़ दिया। थानाध्यक्ष विजय प्रकाश मौर्य ने बताया कि मृतक की पहचान मोलनागंज मोहल्ला निवासी तारिक अंसारी (32) पुत्र सरफराज अंसारी के रूप में हुई है। तारिक लंबे समय से संविदा पर बिजली मरम्मत का काम कर रहा था।
परिजनों के अनुसार, शुक्रवार शाम करीब 4:30 बजे तारिक युसूफबाद मोहल्ले में बिजली उपकेंद्र से आपूर्ति बंद कराने के बाद एचटी लाइन के तार को ठीक कर रहा था।
इसी दौरान अचानक उपकेंद्र से बिजली आपूर्ति चालू कर दी गई। हाईटेंशन लाइन में करंट प्रवाहित होते ही तारिक उसकी चपेट में आ गया और बुरी तरह झुलस गया। हादसे में उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
घटना की जानकारी मिलते ही थानाध्यक्ष पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने घटनास्थल का निरीक्षण करने के बाद शव को कब्जे में लिया। परिजनों की तहरीर पर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया।
तारिक की मौत की खबर मिलते ही पिता सरफराज, पत्नी अवदा बेगम और दो वर्षीय बेटी अतुपा का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। हादसे के बाद परिवार में कोहराम मच गया।