मऊ। नगर सहित जिले के विभिन्न इलाकों में दूसरे दिन भी मंगलवार को झमाझम बारिश होने का सिलसिला जारी रहा। तड़के से शुरू हुई बारिश दोपहर बाद तक रुक-रुक कर होती रही। इससे सामान्य जनजीवन प्रभावित रहा। कोपागंज थाना क्षेत्र के खुखुंदवा में हाईटेंशन तार पर बिजली गिरने से घरों के हजारों इलेक्ट्रॉनिक सामान जल गया। वहीं सहरोज में आकाशीय बिजली गिरने से एक मकान का बारजा गिर गया और घर का इलेक्ट्रिक का सामान जल गया। जिले में सोमवार से शुरू हुई बारिश होने का सिलसिला मंगलवार को भी जारी रहा। तड़के से शुरू हुई झमाझम बारिश अपराह्न बाद तक रुक-रुक होती रही। लगातार बरसात होते रहने से जनजीवन प्रभावित रहा। दिन भर मौसम सुहावना रहा। बारिश होने से लोगों को जहां गर्मी से राहत मिली। वहीं किसानों के चेहरे पर चमक देखते ही बन रही थी। धान की रोपाई में तेजी दिखी। किसान धान की रोपाई कराने के लिए खेतों की तैयारी में जुटे रहे।
मंगलवार को सोमवार को अधिकतम तापमान 29 डिग्री सेल्सियस तथा न्यूनतम तापमान 27 डिग्री सेल्सियस रहा। जबकि 13 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवा चल रही थी। जबकि सोमवार को अधिकतम तापमान 32 डिग्री सेल्सियस तथा न्यूनतम तापमान 27 डिग्री सेल्सियस रहा। बारिश होने से नगर के निचले इलाकों में भीटी, निजामुद्दीनपुरा, रघुनाथपुरा, मुुंशीपुरा, चांदपुरा सहित विभिन्न मुहल्लों में जलजमाव के चलते लोगों को पानी से होकर आना जाना पड़ रहा था। जिला सेवायोजन कार्यालय परिसर, जिला अस्पताल सहित कई सरकारी कार्यालय के परिसर में जलजमाव से लोगों को असुविधा का सामना करना पड़ा।