मधुबन थाना क्षेत्र के दरगाह में रविवार की शाम को खेल के दौरान बच्चों के बीच हुए विवाद में बडों में मारपीट हो गई। जिसमें तीन युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। इस मामले में पुलिस ने एक पक्ष की तहरीर पर दस लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। इनमें से पुलिस ने तीन को गिरफ्तार कर लिया है।
थाना क्षेत्र के दरगाह में रविवार की शाम खेल के दौरान बच्चों के बीच विवाद हो गया था। इसके बाद दोनों पक्ष के लोग उलाहना देने के चक्कर में जमकर मारपीट कर लिए। इसमें एक पक्ष का आसिफ तथा दूसरे पक्ष का फहद, अब्दुल अजीम और रुस्तम गंभीर रूप से घायल हो गए। इसमें आसिफ की हालत गंभीर देखकर चिकित्सकों ने जिला अस्पताल के लिए रेफर कर दिया है।
जनपद मुख्यालय स्थित एक निजी अस्पताल में उसका इलाज चल रहा है। इस मामले में हसन इकबाल की तहरीर पर पुलिस ने फहद, अब्दुल अजीम व रुस्तम सहित दस के विरुद्ध नामजद मुकदमा दर्ज कर फहद, अब्दुल अजीम व रुस्तम को गिरफ्तार कर लिया है। मौके पर तनाव की स्थिति को देखते हुए पुलिस बल तैनात कर दिया गया है।