मृतक महेंद्र सिंह- फाइल फोटोकोपागंज थाना के कनियारीपुर में पोखरी में उतराया मिला था शव
कोपागंज थाना क्षेत्र के कनियारीपुर गांव स्थित पोखरी में मंगलवार की सुबह महेंद्र सिंह (50) का शव उतराया मिला। उनका घर पिपरौता गांव में है, जो घटना स्थल से लगभग चार किलोमीटर दूर है। वे रविवार की शाम करीब आठ बजे घर से निकले थे।
परिजनों द्वारा काफी तलाश के बाद भी उनका पता नहीं चल सका था। पुलिस ने पंचनामा भरकर शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया। परिजनों ने हत्या की आशंका जताई है। कुछ लोगों को हिरासत में लेकर पुलिस पूछताछ कर रही है।
परिजनों के अनुसार, महेंद्र सिंह रविवार शाम आठ बजे घर से निकले थे, लेकिन रात तक वापस नहीं लौटे। सोमवार को परिजनों ने थाने पहुंचकर पुलिस को सूचना दी।
इसके बाद पुलिस ने मौके पर पहुंचकर छानबीन की। खोजबीन के दौरान कनियारीपुर पोखरे के पास उनका जूता मिला, जिसे परिजन लेकर घर चले गए और उनके कहीं चले जाने की आशंका जताते रहे।
मंगलवार सुबह करीब छह बजे ग्रामीणों ने पोखरे में शव उतराया देखा और पुलिस को सूचना दी। पुलिस मौके पर पहुंची और शव को बाहर निकलवाकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
थानाध्यक्ष रोहन राकेश सिंह ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। रिपोर्ट आने पर मौत का सही कारण स्पष्ट होगा। मामले में अभी तहरीर नहीं मिली है। कुछ लोगों से पूछताछ की जा रही है।