मोहर्रम का चांद नजर आते ही जिले में गमगीन माहौल हो गया। हजरत इमाम हुसैन की कुर्बानी की याद में मजलिस और मातम का सिलसिला शुरू हो गया। शिया मुस्लिम समुदाय के घरों में मातमी सदाएं गूंजने लगीं। लोगों ने काले कपड़े पहनकर शोक व्यक्त किया।
विज्ञापन
शिया महिलाओं ने कर्बला के शहीदों की विधवाओं की याद में प्रतीक स्वरूप अपने हाथों की चूड़ियां तोड़कर शोक प्रकट किया।
मंगलवार की रात घोसी नगर के बड़ागांव शिया मोहल्ले में चांद रात के अवसर पर हजरत इमाम हुसैन की शहादत की याद में मजलिस का आयोजन किया गया। इसमें उनकी कुर्बानी पर प्रकाश डाला गया और नौहाख्वानी की गई।
मसुमिया कदीम के इमामबाड़ों तथा अंजुमन सज्जादिया, मसुमिया, इमामिया और हुसैनी मिशन के तत्वावधान में अंजुमनों ने जुलूस निकाला। इस दौरान नौहाख्वानी और सीनाजनी की गई।