श्रीकृष्ण जन्माष्टमी पर शहर कोतवाली के सामने सजी झांकी।
मऊ। भगवान कृष्ण के जन्म दिवस का पर्व श्रीकृष्ण जन्माष्टमी मंगलवार को भी नगर सहित जिले के विभिन्न इलाकों में धूमधाम से मनाया गया। लोगों ने उल्लासपूर्ण वातावरण में भगवत भजन किया और झांकियां सजा कर भगवान श्रीकृष्ण की पूजा की। साथ ही उन्होंने पूरे दिन व्रत रखकर पर्व से जुड़ी परंपरा को कायम रखा। पर्व के मौके पर पूजा पंडालों में सजी झांकियों में भगवान कृष्ण की मोहक प्रतिमाएं भी स्थापित की गई थी।
इस बार भी खास तौर से पुलिस लाइन और नगर के सिंधी कालोनी बाजार में मनोहारी झांकियां सजाई गईं थीं। साथ ही इन स्थानों पर भक्ति गीतों के कार्यक्रम भी आयोजित किए गए। श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के पर्व को देखते हुए इस बार भी नगर के अंधामोड़ पर भगवान कृष्ण की प्रतिमा स्थापित की गई थी।
उधर, पर्व के मौके पर इस बार भी पुलिसकर्मियों की ओर से पुलिस लाइन, कोतवाली में आकर्षक झांकी सजाई गई थी। इसी प्रकार सिंधी कालोनी पर भी परंपरागत तौर पर भगवान श्रीकृष्ण की मनोहारी झांकी सजाई गई थी। इसी प्रकार नगर क्षेत्र के शीतला माता धाम, मठिया टोला शिवाला, औरंगाबाद, कैलाशपुरी मंदिर, हनुमानघाट, ढेकुलियाघाट, पावर हाउस कालोनी स्थित श्रीराम मंदिर और बाल निकेतन के अलावा सहादतपुरा तथा भीटी जैसे स्थानों पर स्थित मंदिरों को सजाया गया। भक्तों ने झांकियों को रंगबिरंगी लाइटों और झालरों से विधिवत सजाया था। उधर रतनपुरा ब्लाक क्षेत्र के हलधरपुर थाना, रतनपुरा बाजार, स्टेशन रोड, गाढ़ा मुस्तफाबाद, मढैली, ठैचा विसुकिया, इटैली, मेउडी कला, करउत सहित विभिन्न मंदिरों तथा घरों पर श्रीकृष्ण तथा राधा की विभिन्न स्वरूपों की झांकियों को सजाया गया था। श्रद्धालुओं ने पूरे दिन उपवास रखा। वहीं कुछ लोगों ने निर्जला व्रत भी रखा।