मऊ। कोरोना संक्रमण काल में रविवार को तेज लगन होने के चलते शनिवार को बाजारों में चहल पहल रही। जिला मुुख्यालय से लेकर छोटे बाजारों में मौजूद लग्न मंडपों की बुकिंग और बाजारों में सब्जी से लेकर अन्य सामानों की डिमांड को देखकर लगता है कि रविवार को जिले में करीब तीन सौ से कम शादियां नहीं होगी। शनिवार को शहर में बाजार करने के लिए आने वालों के कारण जाम की स्थिति उत्पन्न हो गई थी।
कोरोना महामारी के कारण घोषित लॉक डाउन ने हर कारोबार की कमर तोड़ दी है, लेकिन त्योहार के बाद लगन से बाजारों में रौनक लौट आने से कारोबारियों के चेहरे पर चमक देखी जा रही है। दिसंबर माह में रविवार को तेज लगन बताया जा रहा है। लगन को लेकर नगर के सहादतपुरा, चौक, रौजा, गोला बाजार, घास बाजार सहित जिले के मुहम्मदाबादगोहना, मधुबन, घोसी, चिरैयाकोट, दोहरीघाट सहित प्रमुख बाजारों में गहमागहमी रही। वैवाहिक कार्यक्रमों के मद्देनजर बाजारों में सराफा के दुकानों में ग्राहकों की भीड़ देखी गई।
सराफा कारोबारी विजय सर्राफ ने बताया कि सोना के भाव में गिरावट आने से आभूषणों की बिक्री में तेजी आई है। सोना 48, 000 रुपया प्रति 10 ग्राम रहा। जबकि चांदी 60, 000 प्रति किग्रा रही। ज्यादातर ग्राहक मंगलसूत्र, हार, बाली, पायल, नथुनी आदि आभूषण की डिमांड कर रहे थे। कपड़ों के बाजार में भी तेजी है। लहंगा, साड़ी, शेरवानी, सूट सहित अन्य कपड़ों की बिक्री तेज हो गई है। सहादतपुरा के साड़ी व्यवसायी सुरेश कल्यानिया ने बताया कि अब बाजार में सुधार होने लगा है। लगन के मौसम मेें फैंसी साड़ियां, बनारसी, सिल्क साड़ियां ज्यादा बिक रही है। यही हाल सौंदर्य प्रसाधन, गिफ्ट आइटमों आदि की दुकानों पर रहा। शादी में इस्तेमाल होने वाले सूप-दउरी और अन्य सामान सज गए हैं ।पूजा के अन्य सामानों की बिक्री बढ़ गई है।
जाम की जद में रहा आजमगढ़ मोड़
मऊ। रविवार के लग्न की खरीदारी के लिए बाजारों में लोगों के आने और वाहनों के आड़े तिरछे खड़ा करने से बाजार में जाम की स्थित उत्पन्न हो गई। इस दौरान आजमगढ़ मोड़ से लेकर गाजीपुर तिराहे तक उत्तर दिशा में रोडवेज तक जबरदस्त जाम कई बार लगा। इस दौरान याताया के सिपाही और होमगार्ड जाम छुड़ाने के लिए जुझते रहें। लेकिन पूरे दिन जाम से निजात नहीं मिल सका।
लगन में बर्तनों की बढ़ी बिक्री
मऊ। बेटी की शादी, विदाई में बर्तन देने का चलन है। इसके मद्देनजर बाजारों में बर्तनों की बिक्री बढ़ गई है। बर्तन कारोबारी सर्वदानंद ने बताया कि लगन में बर्तन की मांग बढ़ गई है। पीतल का कठौता, कासा की थाली, स्टील का लोटा आदि की बिक्री हो रही है।
ब्यूटी पार्लरों में लगी रही लाइन
मऊ। लगन के चलते ब्यूटी पार्लरों में महिलाओं की लाइन लगी रही। देर शाम तक महिलाओं के सजने, संवरने का क्रम चलता रहा। इस दौरान बाहर से जानकारों को बुलाकर पार्लर संचालिकाओं ने दुल्हन के साइडों का मेकप करने का काम किया।