मऊ। नगर के अलग-अलग वार्ड में विकास कार्य तो खूब कराए जा रहे हैं, लेकिन इन विकास कार्य में कितनी लापरवाही बरती जा रही है, जिसकी मॉनिटरिंग न के बराबर है। नगर के वार्ड 12 निजामुद्दीनपुरा में नाली मरम्मत के कार्य में लापरवाही देखने को मिल रहा है। यहां मानक को ताक पर रखकर नाली मरम्मत कार्य का किया जा रहा है।
बताते चले कि निजामुद्दीनपुरा मोहल्ले के ब्रम्हस्थान बाबा चौरी गली के धनेश प्रजापति के मकान से अतुल जायसवाल के घर के आगे तक नाली मरम्मत और इंटरलाॅकिंग कार्य पांच लाख 33 हजार से अधिक राशि से काम कराया जा रहा है। लेकिन संबंधित कार्यदायी संस्था द्वारा मानक के अनुसार काम न करके बिना नाली सफाई कराए ही बनी हुई नाली के ऊपर एक लेयर ईंट बिछाकर मरम्मत कार्य किया जा रहा है। इस समस्या को लेकर गोपाल कृष्ण बरनवाल, जेपी सिंह, चित्रांश, दिलीप, दीपक आदि का कहना है कि इस कार्य में बेहद लापरवाही बरती जा रही है। उधर चौकाने वाली बात है कि इस समस्या को लेकर न तो स्थानीय जनप्रतिनिधि सक्रिय है न ही नगर पालिका के जिम्मेदार अधिकारी। वहीं इस संबंध में नगर पालिकाध्यक्ष अरशद जमाल का कहना है कि मेरे संज्ञान में मामला नहीं है, वह खुद मौके पर पहुंचकर इसकी जांच करेंगे।