नगर के गाजीपुर तिराहा स्थित एक प्लाजा में उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षक संघ के शिक्षक एमएलसी के
नगर के गाजीपुर तिराहा स्थित एक प्लाजा में बुधवार को आगामी शिक्षक विधान परिषद (एमएलसी) चुनाव के लिए उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षक संघ (चेतनारायण गुट) ने गोरखपुर-फैजाबाद शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र से डॉ. राकेश सिंह को अधिकृत प्रत्याशी घोषित किया। इस अवसर पर शिक्षकों ने उन्हें माला पहनाकर स्वागत किया।
उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षक संघ के प्रदेशीय मंत्री एवं संयोजक (पूर्वी क्षेत्र), प्रधानाचार्य परिषद (जनपद मऊ) के अध्यक्ष तथा नेहरू इंटर कॉलेज, रतनपुरा के प्रधानाचार्य डॉ. राकेश सिंह ने कहा कि यह प्रत्याशिता किसी एक व्यक्ति की नहीं, बल्कि पूरे शिक्षक समाज के विश्वास, संघर्ष और संगठन की लोकतांत्रिक परंपरा का सम्मान है।
उन्होंने प्रदेश अध्यक्ष चेतनारायण सिंह, संरक्षक राजबहादुर सिंह चंदेल तथा संगठन के सभी पदाधिकारियों और शिक्षक साथियों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि वे शिक्षकों के सम्मान, अधिकारों की रक्षा के लिए पूरी निष्ठा, ईमानदारी तथा प्रतिबद्धता के साथ कार्य करेंगे।
उन्होंने कहा कि शिक्षक समाज के विश्वास को बनाए रखना उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता होगी। स्वागत समारोह में श्री वनदेवी इंटर कॉलेज के प्रबंधक नीरज सिंह, मंडलीय अध्यक्ष शैलेश सिंह, दिवाकर राय शर्मा, सतीश सिंह, जयनारायण पांडेय, जिलाध्यक्ष धनंजय सिंह, जिलामंत्री अमरेंद्र कुमार आदि उपस्थित रहे।