डीआरएम वाराणसी आशीष जैन द्वारा इंदारा-दोहरीघाट रेलमार्ग का निरीक्षण किए जाने की सूचना पर मंगलवार की आधी रात से ही सभी स्टेशनों पर सफाई का काम शुरू हो गया था।
ट्रेन आने से 20 मिनट पहले खुलने वाली टिकट खिड़कियां दो घंटे पहले खुल गई थीं। कोपागंज स्टेशन पर डेढ़ साल से टेढ़े बिजली के खंभे को खोलकर कर्मचारियों ने दूसरी तरफ रख दिया।
डीआरएम ने बताया कि आगामी 11 मई को केंद्रीय रेलमंत्री अश्विनी वैष्णव दोहरीघाट-औड़िहार-दोहरीघाट मेमू (65121/65122) को हरी झंडी दिखाएंगे। बताया कि 11 मई को उनके मऊ आने की संभावना है। नई ट्रेन के संचालन से पहले डीआरएम ने तैयारियों का जायजा लिया और दोहरीघाट सहित अन्य स्टेशनों का निरीक्षण किया।
दोहरीघाट-इंदारा रेलमार्ग पर रेलवे ने नई मेमू ट्रेन की सौगात दी है। इससे दोहरीघाट, बड़राव, घोसी और कोपागंज ब्लॉक के पांच लाख लोगों को आवागमन में सहूलियत मिलेगी। रेलवे बोर्ड ने बीते 27 अप्रैल को ही दोहरीघाट-औड़िहार-दोहरीघाट मेमू (65121/65122) को मंजूरी दे दी है।
इस रेलमार्ग पर पहले से एक ट्रेन प्रतिदिन चलती है, जो दोहरीघाट से मऊ और वहां से नंबर बदलकर प्रयागराज रामबाग तक जाती है। रेलवे बोर्ड ने नई ट्रेन की समय-सारिणी भी तैयार कर दी है, लेकिन अभी तक संचालन की तिथि निर्धारित नहीं की गई है।
रेलवे बोर्ड द्वारा जारी की गई सूची के अनुसार दोहरीघाट-औड़िहार मेमू (65121) रोज सुबह 8:20 बजे दोहरीघाट से रवाना होगी और मुरादपुर हाल्ट, अमिला, घोसी, कोपागंज, इंदारा होते हुए सुबह 10:05 बजे मऊ जंक्शन पहुंचेगी। वहां से दुल्लहपुर, जखनियां, सादात होते हुए 11:25 बजे औड़िहार जंक्शन पहुंचेगी। वहां से शाम पांच बजे रवाना होकर इसी रास्ते रात आठ बजे दोहरीघाट पहुंचेगी।
इस रेलमार्ग पर सबसे पहली ट्रेन दोहरीघाट-मऊ-दोहरीघाट मेमू (65134/65133) चलाई गई थी, जिसे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने वर्चुअल हरी झंडी दिखाकर रवाना किया था। यह ट्रेन रोज सुबह दोहरीघाट से रवाना होती है और दोपहर 1:35 बजे मऊ जंक्शन पहुंचती है।
वहां से नंबर बदलकर मऊ-प्रयागराज रामबाग-मऊ मेमू (65131/65132) नंबर से वाराणसी होते हुए प्रयागराज रामबाग तक जाती है। इस दौरान विकास कुमार, शेख रहमान, विनीत कुमार, रजत प्रिय, बालेंद्र पाल, अभिषेक राय आदि अधिकारी मौजूद रहे।