रेल राज्य मंत्री मनोज सिन्हा ने मऊ वासियों का आश्वासन दिया है कि जल्द ही मऊ से वाराणसी के लिए डीएमयू चलाई जाएगी। प्रो. रामजी सिंह को उनके पैतृक गांव अलीपुर में श्रद्धांजलि देने पहुंचे राज्यमंत्री ने मऊ रेलवे स्टेशन की सूरत सुधारने के लिए कई अन्य आश्वासन भी दिए। कहा, प्रो. रामजी सिंह सच्चे समाजसेवक व भाजपा के वरिष्ठतम नेताओं में शामिल रहे। समाज व पार्टी के प्रति इनके योगदान को भुलाया नहीं जा सकता है।
भाजपा के पूर्व एमएलसी प्रो. रामजी सिंह को श्रद्धांजलि अर्पित करने के बाद नगर के बकवल स्थित प्रतिष्ठित व्यवसायी हंसराज जायसवाल के आवास पर रेल राज्यमंत्री मनोज सिन्हा ने पत्रकारों से बातचीत में कहा कि क्षेत्र के यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए शीघ्र ही मऊ से वाराणसी के लिए नई डेमू ट्रेन शुरू की जाएगी।
इसके साथ ही भविष्य में मऊ जिले से बङे़ महानगरों तक चलने वाली ट्रेनों की संभावनाओं को जताते हुए कहा कि मऊ जिले के रेलवे स्टेशन पर धन के अभाव से जो टर्मिनल का काम रुका हुआ था, वह अब धन मिल जाने से कार्य पूरी तेजी के साथ शुरू हो गया है।
इसके अलावा मऊ से गाजीपुर जनपद को जोड़ने के लिए रेलवे लाइन बिछाने के काम पर भी जोरों से काम किया जा रहा हैं। दोनों ही काम पूर्ण होते ही मऊ से ट्रेनों का संचालन होना शुरू हो जाएगा। जिससे बुनकर व्यापारी सभी को दिल्ली और कोलकाता का सफर करने में आसानी होगी।
आमजन की सुविधा के निमित्त भारतीय रेल प्रतिबद्ध है। इस अवसर पर जितेंद्र पांडेय, अरिजीत सिंह, हंसराज जायसवाल, देवेंद्र सिंह, बजरंगी जायसवाल, दुर्गेश राजवती इत्यादि मौजूद रहे।