होली के मद्देनजर बुधवार को शहर कोतवाली से जिलाधिकारी चंद्रकांत पांडेय और पुलिस अधीक्षक अनिल कुमार सिंह ने अपने अधीनस्थ कर्मचारियों के साथ शहर में रूट मार्च किया। इस दौरान आरएएफ, पीएसी और पुलिस के जवान मौजूद रहे। शुक्रवार को होली का त्यौहार होने के चलते जिला और पुलिस प्रशासन काफी सुरक्षा को लेकर काफी गंभीर है।
होली और होलिका पर किसी भी परिस्थिति से निबटने और हालात पर नजर रखने के लिए बुधवार की शाम डीएम चंद्रकांत पांडेय और एसपी अनिल कुमार सिंह के नेतृत्व मे रूट मार्च निकाला गया। रूट मार्च सिंधी कालोनी, रौजा, सदर चौक, गोला बाजार, सदर बाजार, संस्कृत पाठशाला, आर्यसमाज, औरंगाबाद, मिर्जाहादीपुरा, होते हुए डोमनपुरा तक गया। रूट मार्च के दौरान आला अधिकारियों ने शहर के मस्जिद और संवेदनशील स्थानों को रुक कर देखा और अपने अधीनस्थ कर्मचारियों को निर्देशित भी किया। इस दौरान अधिकारियों के छोटे वाहन भी उनके पीछे सायरन बजाकर चल रहे थे। डोमनपुरा से रूटमार्च वापस शहर कोतवाली लौटा।
इसमें मुख्य रुप से अपर जिलाधिकारी समीर वर्मा, एएसपी सुनील कुमार सिंह, सीओ सिटी अशोक कुमार यादव, शहर कोतवाल देवेंद्र सिंह, थानाध्यक्ष दक्षिणटोला केएम पांडेय, थानाध्यक्ष कोपागंज देवेंद्र सिंह, आदि मौजूद रहे। उधर, मुहम्मदाबाद गोहना में कोतवाली क्षेत्र के मुहम्मदाबाद गोहना कस्बा, खैराबाद, वलीदपुर अतरारी आदि गांवों पुलिस व आरएफ जवानों ने फ्लैग मार्च किया। अपर पुलिस अधीक्षक सुनील कुमार सिंह के नेतृत्व में मुहम्मदाबाद गोहना सर्किल क्षेत्र के तीनों थाना रानीपुर, चिरैयाकोट व मुहम्मदाबाद गोहना थाना के पुलिसकर्मी व आरएफ जवानों ने क्षेत्र में भ्रमण किया और लोगों होली शांतिपूर्ण तरीके से मनाने का संदेश दिया। इस दौरान थानाध्यक्ष रानीपुर, चिरैयाकोट, मुहम्मदाबाद गोहना की पुलिस भी साथ रही।