आगामी चुनाव की तैयारियों के मद्देनजर जिलाधिकारी आनंद वर्द्धन ने बृहस्पतिवार को मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों की मौजूदगी में ईवीएम-वीवीपैट वेयरहाउस का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने वहां चल रहे प्रथम स्तरीय जांच (एफएलसी) कार्य का जायजा लिया।
डीएम ने इंजीनियरों और तकनीशियनों को भारत निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों का पालन करते हुए निर्धारित समय-सीमा में जांच पूरी करने के निर्देश दिए। उन्होंने सभी प्रक्रियाओं में निर्धारित मानकों का पालन सुनिश्चित करने पर जोर दिया।
उन्होंने वेयरहाउस में लगे सीसीटीवी कैमरों को लगातार चालू रखने और आयोग के मानकों के अनुरूप सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के निर्देश भी दिए। डीएम ने कहा कि वेयरहाउस की निगरानी और रखरखाव में लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। इस मौके पर अपर जिलाधिकारी प्रवेंद्र कुमार, एसओसी, निर्वाचन विभाग के अधिकारी-कर्मचारी और मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि मौजूद रहे।