मऊ। 18 दिनों से मधुबन तहसील में चल रहे अधिवक्ताओं का विरोध मंगलवार को खत्म हो गया। साथ ही नवागत एसडीएम राजेश अग्रवाल ने तहसील बार एसोसिएशन के सदस्यों के साथ एक बैठक की। आश्वासन दिया कि बार एवं बेंच के बीच जो भी मतभेद हैं, उसे दूर किया जाएगा। उन्होंने सभी से सहयोग की अपील की। एसडीएम ने बार एवं बेंच को एक दूसरे का पूरक बताया और कहा कि बेहतर परिणाम के लिए इन दोनों में बेहतर तालमेल जरूरी है। वहीं
तहसील बार एसोसिएशन मधुबन के मंत्री वीरेंद्र यादव ने बताया कि नव नियुक्त एसडीएम राजेश अग्रवाल के साथ बैठक सकारात्मक रही। उन्होंने हम सबसे सहयोग की अपील की। अधिवक्ताओं ने भी उन्हें पूरा सहयोग का भरोसा दिलाया। हमारी जो भी मांगें थी उस पर उन्होंने गंभीरता से विचार करने का भरोसा दिया।
ऐसे में बीते 25 अप्रैल से जारी हड़ताल को समाप्त किया जाता है। अधिवक्ता तबादला किए गए एसडीएम अखिलेश यादव की कार्यप्रणाली को लेकर बीते 18 दिन से आंदोलित थे। बैठक में अध्यक्ष अरुण कुमार त्रिपाठी, मनोज कुमार सिंह, तारिक जमील, बजरंगबली पाण्डेय, मनोज कुमार, प्रदीप मिश्रा, योगेश चतुर्वेदी, अविनाश आदि अधिवक्ता शामिल रहे।