बोर्ड परीक्षा केंद्रों के निर्धारण की प्रक्रिया तेज हो गई है। बोर्ड की ओर से गत वर्ष की परीक्षा में डिबार तथा काली सूची में डाले गए परीक्षा केंद्रों को सेंटर नहीं बनाए जाने का फरमान जारी किया गया है। विभागीय अधिकारियों की संस्तुति पर दो परीक्षा केंद्रों को डिबार तथा छह को काली सूची में डाला गया है।
हाईस्कूल, इंटरमीडिएट बोर्ड परीक्षा फरवरी माह में प्रस्तावित है। विभाग की ओर से परीक्षा केंद्रों के निर्धारण के लिए सूची प्रशासन को भेज दिया है। बोर्ड ने वर्ष 2015 बोर्ड परीक्षा में डिबार व काली सूची में डाले गए परीक्षा केंद्रों को न बनाने का फरमान जारी किया गया है।
संपतदास उमा विद्यालय फिरोजपुर तथा समाजसेवक इंटर कालेज भैरोपुर को डिबार किया गया है। जबकि शकुंतला उमा विद्यालय अमारी, घुरभारी स्मारक इंटर कालेज समाउद्दीनपुर, राममनोहर इंटर कालेज इटौरा, बाबा विश्वनाथ कालेज चकरा, सुंदर यादव इंटर कालेज सुल्तानपुर कोलौरा सहित छह विद्यालयों को काली सूची में डाला गया है।
गत वर्ष प्रशासन की ओर से 254 परीक्षा केंद्र बनाए गए थे। दर्जनों परीक्षा केंद्रों पर जमकर नकल हुई थी। शासन के निर्देश पर परीक्षा के दो दिन पूर्व पांच परीक्षा केंद्र बनाए गए थे।
तत्कालीन जिलाधिकारी ने एक दर्जन परीक्षा केंद्रों को डिबार करने की संस्तुति की थी, लेकिन तत्कालीन विभागीय अधिकारियों के लीपापोती रिपोर्ट से कुछ ही परीक्षा केंद्रों को डिबार व काली सूची में डाला जा सका है।
परीक्षा केंद्रों की फाइनल सूची जारी होने के बाद भी स्थिति स्पष्ट हो पाएगी। इस बाबत जिला विद्यालय निरीक्षक डा. विनोद कुमार राय का कहना है कि डिबार व काली सूची में डाले गए विद्यालयों को इस वर्ष परीक्षा केंद्र नहीं बनाया जाएगा। हर हाल में नकलविहीन परीक्षा संपन्न कराई जाएगी।