नगर क्षेत्र के डोमनपुरा कसारी मोहल्ला में डायरिया का प्रकोप फैलने के बाद मोहल्ला स्थित चाइल्ड हेल्थ केयर अस्पताल में भर्ती बीमार।
बढ़ती उमस के बीच नगर क्षेत्र में तेजी से डायरिया का संक्रमण फैलने लगा है, अस्तुपुरा मुहल्ला अभी पूरी तरह से इस संक्रमण से उबरा नहीं था कि नगर क्षेत्र के डोमनपुरा और मुंशीपुरा मुहल्ले में डायरिया का संक्रमण फैल गया। दोनों मुहल्लों को मिलाकर करीब 50 मरीज इससे संक्रमित हैं। गंभीर रुप से बीमार 15 लोगों को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। मरीजों को उपचार के लिए दो प्राइवेट अस्पतालों में भर्ती कराया गया है।
डोमनपुरा कसारी मुहल्ले में सोमवार की रात से यह संक्रमण फैला। इसका परिणाम है कि इस मुहल्ले के निवासी सना परवीन (15), इम्तियाज (55), न्याज अहमद (65), सहला (16), ज्योति राय (15), सुहेल (30), शाहिद जमाल (35), खुशबू (15), फातिमा (सात माह), नमरा (09), आफिया (03), असखा (10), जेबा (09), सलीमा (13), जैद (01) और मुंशीपुरा मे अनवार (30), शब्बीर (25), सुल्ताना (18), राशिद (04), सुहेल (45), कलीम (09), फिरोज (26) आदि बीमारी की चपेट में आए हैं। इतने बड़े पैमाने पर फैले संक्रमण की जानकारी नगर पालिका और जिला प्रशासन को मंगलवार की सुबह हुई।
इस दौरान नगर पालिका ने त्वरित गति से इन मुहल्लों में ब्लीचिंग पाउडर का छिड़काव के साथ साफ सफाइ शुरू कराई। साथ ही स्वास्थ्य विभाग की तरफ से एंबुलेंस भेजा कर मरीजों को अस्पताल में शिफ्ट कराया गया। बताते चले डोमनपुरा के मरीजों को प्राइवेट अस्पताल अलराजी के साथ चाइल्ड हेल्थ सेंटर में तथा मुंशीपुरा के मरीजों को मरियम अस्पताल में भर्ती कराया गया। लोगों का कहना था कि सदर अस्पताल में व्याप्त असुविधा को देखते हुए मरीजों को प्राइवेट अस्पताल में भर्ती कराया गया है।