मऊ। धनतेरस पर नगर सहित जिले के विभिन्न प्रमुख बाजारों में खरीदार उमड़ पड़े। बाजार में हर ट्रेड की दुकानों पर जमकर धन बरसा। जहां 12 करोड़ के आभूषण बिके वहीं 571 वाहनों की बिक्री हुई।
नगर के सहादतपुरा, मुंशीपुरा, चौक, रौजा, सिंधी कालोनी, गोला बाजार, मिर्जाहादीपुरा में दुकानें सामानों से सजी रहीं। घास बाजार स्थित सर्राफा की दुकानों लोगों ने खरीदारी की। इसके अलावा मुहम्मदाबाद गोहना, मधुबन, घोसी, दोहरीघाट, चिरैयाकोट सहित विभिन्न बाजारों में धनतेरस के दिन बर्तन, सर्राफा, इलेक्ट्रानिक, बाइक शो रुम सहित विभिन्न दुकानों पर पहुंचकर लोगों ने सामान खरीदे। शाम होते-होते नगर की हर छोटी बड़ी बर्तन, मूर्ति व आभूषणों, कपड़े आदि की दुकानों पर भीड़ देखकर कारोबारी भी दंग रह गए। बसे अधिक बिक्री बर्तनों की रही। वहीं दूसरे नंबर पर सर्राफा व्यवसाय दिखा। वाहन शो रुम पर भी ग्राहकों की भीड़ लगी रही। बर्तनों में जहां अधिकांश लोगों ने अपने-अपने जरूरत के हिसाब से कूकर, टिफिन, बाल्टी, गिलास, लोटा, चम्मच, डिनर सेट, टी सेट, भगौना, ड्रम खरीदा। वहीं कुछ लोगों ने छोटी वस्तुएं खरीदकर धनतेरस की रस्म अदायगी की। छोटे बर्तनों में सर्वाधिक बिक्री पीतल के पूजा सामग्रियों की रही। लोगों ने दीपदान, लोटिया, घंटी आदि की खरीदारी भी की। कपड़ों की खरीदारी के लिए लोगों की भीड़ दुकानों तथा शापिंग माल में लगी रही। युवा पीढ़ी का रुझान ब्रांडेड परिधानों की ओर ही अधिक रहा। युवाओं, युवतियों, बच्चों और महिलाओं ने अपनी पसंद के अनुसार खूब खरीदारी की। नगर के अली बिल्डिंग में खरीदारी करने आई सावित्री सिंह, सुनीता यादव, मीनू सिंह, राधिका ने बताया कि हर वर्ष सोने के आभूषण, बर्तन आदि सामानों को धनतेरस के दिन ही खरीदते हैं। उधर, बाजार में लोगों की भीड़ व खरीदारी से दुकानदार गदगद थे। बर्तन व्यवसायी सौरभ बर्नवाल, सर्राफा व्यवसायी विजय सर्राफ, इलेक्ट्रानिक दुकानदार जर्नादन प्रसाद ने बताया कि इस त्योहार पर पिछली बार की अपेक्षा खासी अच्छी बिक्री हुई।