मऊ। इस बार धनतेरस का शुभ मुहुर्त 12 नवंबर यानि बृहस्पतिवार की शाम साढे़ छह बजे से शुरू होकर दूसरे दिन शुक्रवार को पूरे दिन लागू रहेगा। ऐसे में दो दिनों के लिए होने वाले धनतेरस को देखते हुए दुकानदार जहां ग्राहकों को लुभाने में जुटे हैं। वहीं पुलिस विभाग धनतेरस के दिन होने वाली चहल पहल को देख सुरक्षा की व्यवस्था का खाका तैयार करने में जुटी है। धनतेरस पर ग्राहकों को लुभाने के लिए दुकानदार स्कीमों को ही लागू कर रहें साथ ही साथ दुकानों को बेहतर तरीके से सजाने का काम कर रहें। इस दौरान पुलिस विभाग ने सुरक्षा का खाका तैयार कर पुलिस के साथ साथ पीएसी के जवानों को तैनात करने की बात कही।
नगर के सहादतपुरा, मुंशीपुरा, चौक, रौजा, सिंधी कॉलोनी, गोला बाजार, मिर्जाहादीपुरा सहित मोहम्मदाबाद गोहना, मधुबन, घोसी, दोहरीघाट, चिरैयाकोट सहित विभिन्न बाजारों में धनतेरस के लिहाज से बाजार सजने लगे हैं। कोरोना महामारी को लेकर कारोबार पर विपरीत असर पड़ा है। लेकिन धीरे-धीरे बाजारों में रौनक लौट रही है। त्योहारी सीजन में लोगों ने अब धनतेरस और दीपावली के लिए खरीदारी शुरू कर दी है।
बर्तन, कपड़े, इलेट्रॉनिक्स, व्हीकल, ज्वैलरी सहित विभिन्न बाजार में धीरे-धीरे कारोबार बढ़ रहा है। इससे दुकानों और कारोबारियों के चेहरे पर मुस्कान दिखने लगी है। शहर से लेकर गांव के बाजारों में बर्तन की दुकानें सजने लगी हैं। हालांकि बर्तन के बाजार में कोई नया ट्रेंड नहीं है, लेकिन लोगों ने खरीदारी शुरू कर दी है। धनतेरस पर बर्तन खरीदना शुभ होता है। दुकानदार ग्राहकों की मांग के अनुसार अपनी दुकानों में स्टॉक सजाकर रख रहे हैं। दुकानदार कोरोना को देखते हुए सोशल डिस्टेंसिंग का भी ख्याल रख रहे हैं। जिससे प्रशासन तथा आम लोगों को परेशानी न हो। तमाम दुकानदारों ने दुकान के बाहर सेनेटाइजर और थर्मल स्कैनर की व्यवस्था कर रखी है।
साथ में मास्क का प्रयोग करने के लिए ग्राहकों से अपील भी कर रहे है। इस संबंध में नगर के गोला बाजार के सराफा कारोबारी विजय सर्राफ का कहना है कि बाजार में सुधार आने के चलते धनतेरस व दीपावली को लेकर एक बार फिर बाजार में रौनक आने लगी है। लोगों ने खरीदारी शुरू कर दी है। इस बार पिछले वर्ष जैसे बिक्री होने की उम्मीद है। नगर के सहादतपुरा साड़ी कारोबारी सुरेश कल्यानिया का कहना है कि बिक्री बढ़ी है। धनतेरस, दीपावली तक स्थिति सामान्य होने की उम्मीद है। बर्तन कारोबारी सौरभ बर्नवाल का कहना था कि प्रशासन की तरफ से सहयोग किया गया तो धनतेरस दीपावली तक कारोबार पहले की तरह सामान्य हो जाएगा।
बाजारों में तैनात होगी क्यूआरटी के साथ पीएसी
मऊ। धनतेरस के अवसर पर सुरक्षा के लिए जिला मुख्यालय के साथ साथ तहसील स्तर के बाजारों में सुरक्षा की व्यवस्था की जाएगी। अपर पुलिस अधीक्षक टीएन त्रिपाठी ने बताया कि धनतेरस के लिए सुरक्षा का खाका तैयार कर लिया गया है। इस दौरान एक कंपनी पीएसी के जवानों को जिला मुख्यालय से लेकर तहसील स्तर के बाजारों में तैनात किया जाएगा। इसके अलावा मऊ शहर में महिला और पुरुष आरक्षियों को सादे वेश में तैनात किया जाएगा। जो भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में भ्रमणशील रहेंगे।
इसके अलावा क्यूआरटी की पांच टीमों को भी सुरक्षा की दृष्टि से लगाया जाएगा। बोले सुरक्षा के लिए बाजारों के साथ सुनसान स्थानों पर भी व्यवस्था की जाएगी, ताकि खरीदारी कर घर लौटने वालों के साथ कोई अनहोनी घटना न हो। अपर पुलिस अधीक्षक टीएन त्रिपाठी ने कहा कि संबंधित थानाध्यक्षों को एलर्ट किया गया है। ताकि वो अपने क्षेत्र में भ्रमणशील रहें, साथ ही सीओ स्तर तक के अधिकारी भी गश्त पर रहेंगे।
11.35 से 2.55 बजे तक रहेगा सर्वोत्तम शुभ मुहुर्त:
मऊ। नगर सहित जिले के विभिन्न इलाकों में धनतेरस पर्व 13 नवंबर यानि शुक्रवार को मनाया जाएगा। इस संबंध में मोहम्मदाबाद गोहना कस्बा निवासी पं. विरेंद्र शुक्ल ने बताया कि कार्तिक मास की कृष्ण पक्ष की त्रयोदशी तिथि को धनतेरस का त्योहार मनाया जाता है। इस साल धनतेरस 13 नवंबर यानी शुक्रवार के दिन मनाया जाएगा। धनतेरस के दिन धन के देव कुबेर, मां लक्ष्मी, धन्वंतरि और यमराज का पूजन किया जाता है। इस दिन सोना, चांदी या बर्तन आदि खरीदना शुभ माना जाता है। दिवाली से पहले कृष्ण पक्ष की त्रयोदशी को मनाए जाने वाले धनतेरस को धनवंतरि त्रयोदशी भी कहा जाता है। बताया कि बृहस्पतिवार की शाम 6.30 बजे से त्रयोदशी लग जा रही है। जो शुक्रवार को शाम 4.11 बजे तक रहेगी। खरीदारी का सर्वोत्तम मुहुर्त 11.35 से 2.35 बजे तक सर्वोत्तम रहेगा।