नवरात्र के तीसरे दिन नगर क्षेत्र के रोडवेज स्थित मां दुर्गा मंदिर में मां का हुआ भव्य श्रृंगार।
शारदीय नवरात्र के तीसरे दिन सोमवार को मंदिरों में मां दुर्गा की आराधना की गई। भोर से शुरू हुआ दर्शन पूजन का सिलसिला देर रात तक चलता रहा। मां की पूजा के लिए प्रमुख मंदिरों में काफी संख्या में भक्तों ने हाजिरी लगाई। तड़के से शुरू हुआ पूजन-अर्चन का कार्यक्रम अनवरत देर शाम तक चलता रहा। वहीं घर पर भी नौ दिनों तक अनुष्ठान व व्रत रखने वाले भक्तों ने विधि विधान से पूजन-अर्चन किया। मंदिर परिसर माता दी के जयकारे से गुंजायमान होता रहा।
नवरात्र के तीसरे दिन सोमवार को नगर के शीतला माता धाम, आजमगढ़ मोड़ स्थित मां सिद्धेश्वरी मंदिर, वनदेवी धाम, निधियांव गांव का अष्टभुजी मंदिर, मांदी सिपाह स्थित मां कोयल मर्याद भवानी माई मंदिर सहित विभिन्न देवी मंदिरों मेें मां दुर्गा के तीसरे स्वरूप मां चंद्रघंटा का पूजन-अर्चन करने के लिए भोर से ही भक्तों की लंबी कतार लगी रही।
कड़ी धूप होने के बाद भी मां का दर्शन-पूजन करने के लिए लोग डंटे थे। लाइन में खड़े भक्त प्रतीक्षा करने के बाद जब मां के समीप पूजन-अर्चन करने पहुंचे तो वे अपने को धन्य समझ रहेे थे। वहीं लाइन में खड़े लोग मां का जयकारा लगा रहे थे। मान्यता है कि नवरात्र के दिनों में मां दुर्गा के पूजन विशेष फल मिलता हैं। नगर सहित विभिन्न क्षेत्रों में रामलीला के कारण रात तक लोगों की चहल पहल बढ़ गई है।