निर्जला एकादशी पर्व पर बृहस्पतिवार को दोहरीघाट के रामघाट पर सरयू नदी में हजारों श्रद्धालुओं ने आस्था की डुबकी लगाई। गो-दान भी किया। कस्बे के रामघाट पर भोर से ही श्रद्धालु पहुंचने लगे थे और दोपहर तक स्नान करते रहे।
स्नान के बाद मंत्रोच्चार के बीच हवन में आहुतियां अर्पित की गईं। इस दौरान सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए थे। नदी में नावों पर गोताखोर और पुलिसकर्मी तैनात रहे।
महिलाएं सरयू माता को हलवा-पूड़ी का भोग लगाकर परिवार के सुख-समृद्धि की मन्नत मांगती नजर आईं। श्रद्धालुओं ने स्नान के बाद सूर्य देव को अर्घ्य देकर मंत्रोच्चार के साथ पूजन किया। इसके बाद विभिन्न मंदिरों और मठों में जाकर देवी-देवताओं की पूजा-अर्चना कर मन्नतें मांगीं। साथ ही गरीबों में दान-दक्षिणा कर पुण्य अर्जित किया।
नगर पंचायत द्वारा सरयू नदी के घाटों पर आने-जाने वाले मार्गों की साफ-सफाई कराई गई थी। पूरी तरह आस्था के रंग में दोहरीघाट की पावन नगरी डूबी रही। घाट पर स्नान के बाद महिलाओं ने मां सरयू की आरती उतारी। अगरबत्ती, कपूर, फूल, प्रसाद, पूड़ी-हलवा चढ़ाते हुए लोग मन्नतें मांगते रहे।
महिलाओं, बुजुर्गों, बच्चों और युवाओं सहित सभी ने निर्जला एकादशी पर सरयू नदी में आस्था की डुबकी लगाकर भगवान सूर्य को अर्घ्य दिया और पूजा-अर्चना की। रामघाट से लेकर पुल तक मातेश्वरी धाम तक नदी किनारे भारी संख्या में श्रद्धालुओं ने स्नान किया।
00000000000000
पूजा के दौरान महिला के गले से चेन चोरी
दोहरीघाट। कस्बे के रामघाट पर सरयू नदी में स्नान कर मंदिर में पूजा करने गईं भाजपा के पूर्व जिलाध्यक्ष संतोष राय की बहन मालती राय का हनुमानगढ़ी में पूजा के दौरान गले से सोने की चेन चोरी हो गई। मंदिर में अधिक भीड़ होने के कारण चोर का पता नहीं चल सका। संतोष राय ने थाने पहुंचकर अज्ञात के खिलाफ तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है। संवाद