नगर के मऊ महादेव मंदिर पर सावन के दूसरे दिन जलाभिषेक करते श्रद्धालु।संवाद
सावन माह के दूसरे दिन शुक्रवार को नगर सहित जिले के विभिन्न इलाकों में स्थापित मंदिरों और शिवालयों में तड़के ही भक्त पहुंच गए। शिव भक्तों और कांवड़ियों ने वैदिक मंत्रोच्चार के बीच भगवान शंकर का जलाभिषेक किया।
साथ ही बेलपत्र और दूध आदि चढ़ाकर पूजन-अर्चन किया। श्रद्धालुओं के जयकारों से शिवालय गूंज उठे।
सावन माह के दूसरे दिन नगर में पक्का पोखरा शिव मंदिर, शीतला माता धाम, गाजीपुर तिराहा स्थित शिव मंदिर, भीटी स्थित शिव मंदिर, गायघाट स्थित शिव मंदिर, कतुआपुरा शिवाला, बालनिकेतन मोड़ स्थित शिव मंदिर और कैलाशपुरी सहित विभिन्न मंदिरों पर बाबा भोलेनाथ का जलाभिषेक करने के लिए शिव भक्तों का रेला लगा रहा।
गाजीपुर से गंगाजल लेकर चले कांवड़िये पैदल ही लौटे और यहां स्थित शिवालयों में बोल बम के जयकारों के साथ जलाभिषेक किया। उधर, कई मंदिरों पर भक्तों ने रुद्राभिषेक सहित विभिन्न प्रकार के अनुष्ठान कर भगवान से सुख-समृद्धि की कामना की।