पवित्र सावन मास के तीसरे सोमवार को शहर सहित जिले के सभी शिवमंदिरों में भक्तों का रेला उमड़ पड़ा। गाजीपुर से पावन गंगाजल लेकर आने वाले कावंरियों का तांता रविवार की देर शाम से ही लगा रहा।
कावंरियों ने सोमवार को बारहदुअरयिा शिवमंदिर, कोपागंज के प्राचीन गौरीशंकर मंदिर, मधुबन के पांती स्थित शिवमंदिर में भोले को जल चढ़ाया। सैकड़ों शिवभक्त बाबाधाम और मारकंडेय महादेव के लिए रवाना हो गए।
सोमवार सुबह से ही शहर के सभी शिवमंदिर हर हर महादेव के जयकारों से गूंजते रहे। महिला और पुरुष श्रद्धालुओं की काफी भीड़ शीतला माता धाम पर रही। यहां पर श्रद्धालु कतार में लगकर बाबा भोलेनाथ के दर्शन किए और उनका
जलाभिषेक किया। शहर में सावन के दूसरे सोमवार केे शीतला माता धाम, शिव मंदिर भीटी, शिवमंदिर पक्का पोखरा, शिवमंदिर मुंशीपुरा, प्राचीन शिवमंदिर, कुतुआपूरा पूरब और पश्चिम, प्राचीन शिवमंदिर पुलिस लाइन, शिव मंदिर रोडवेज, शिवमंदिर बालनिकेतन आदि स्थानों पर भक्तों का रेला लगा रहा।
मंदिरों पर व्रती महिलाओं और युवतियों ने शिव की आराधना की। कोपागंज संवाददाता के अनुसार स्थानीय गौरीशंकर मंदिर पर भोर से ही शिवभक्तों की भीड़ लगी रही। दोहरीघाट संवाददाता के अनुसार सोमवार की तड़के से ही
श्रद्धालुओं की भीड़ घाघरा तट पर उमड़ने लगी। लोगों ने पवित्र सरजू नदी में स्नान किया और कसबे के शिव मंदिरों पर भगवान आशुतोष को जल चढ़ाया और पूजा अर्चना की। पतनई बुजुर्ग के पाताल शिव मंदिर, गोंठा के झारखंडेय शिवमंदिर और रसूलपुर में पंचमुखी शिवमंदिर पर लोगों ने शिव का जलाभिषेक किया।
कई स्थानों पर भक्तों ने रुद्राभिषेक अनुष्ठान भी कराया। मधुबन संवाददाता के अनुसार कसबे के पांती स्थित शिवमंदिर पर सुबह से हजारों शिवभक्त जलाभिषेक के लिए उमड़ पड़े। जलाभिषेक का सिलसिला शाम तक चलता रहा।