जिलाधिकारी आनंद वर्द्धन की अध्यक्षता में शुक्रवार को सीएम डैशबोर्ड आधारित विकास कार्यों एवं विभिन्न विभागों द्वारा संचालित योजनाओं की समीक्षा बैठक हुई।
बैठक में डीएम ने खराब ग्रेडिंग वाले विभागों को अपनी रैंकिंग सुधारने के निर्देश दिए। साथ ही चेतावनी दी कि सुधार न होने पर संबंधित अधिकारियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
बैठक में समीक्षा के दौरान ऊर्जा विभाग की पीएम सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना में सी ग्रेड, चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग की जननी सुरक्षा योजना में डी ग्रेड तथा जल जीवन मिशन के तहत हर घर जल योजना में बी ग्रेड पाया गया।
इसी तरह फैमिली आईडी में बी ग्रेड, फेज-2 व्यक्तिगत शौचालय निर्माण में सी ग्रेड, आईसीडीएस पोषण अभियान में सी ग्रेड तथा माध्यमिक शिक्षा के प्रोजेक्ट अलंकार में बी ग्रेड पाई गई।
बैठक में जिलाधिकारी ने पर्यटन विभाग को पूर्ण हो चुकी परियोजनाओं का नियमानुसार जल्द हैंडओवर सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। डीएम ने समस्त अधिकारियों को चेतावनी देते हुए कहा कि जिन विभागों की प्रगति ठीक न होने के कारण प्रदेश स्तर पर जारी रैंकिंग में जनपद की स्थिति खराब होती है, तो संबंधित अधिकारियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
बैठक के दौरान मुख्य विकास अधिकारी विवेक कुमार श्रीवास्तव, जिला विकास अधिकारी उमेश चंद तिवारी सहित समस्त जनपद स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।