आदमपुर में जल निगम की पाइप लाइन बिछाने से सड़क पर बने गड्ढे न पाटे जाने के विरोध में प्रदर्शन करते ग्रामीण।
- फोटो : mau
तहसील क्षेत्र के रामपुर आदमपुर-चांदपुर मार्ग पर सड़क किनारे पाइप लाइन डालने के दौरान खोदे गए गड्ढे को छोड़ देने से गुस्साए ग्रामीणों ने प्रदर्शन कर विरोध जताया। कहा कि ठेकेदार की लापरवाही का खामियाजा ग्रामीणों को भुगतना पड़ रहा। कहा कि यदि समय रहते समस्या का हल नहीं निकाला गया तो आंदोलन किया जाएगा।
शुक्रवार की सुबह करीब 10 बजे रामपुर आदमपुर के 50 से ज्यादा ग्रामीण ग्राम प्रधान मुहम्मद शहनवाज के नेतृत्व में रामपुर-चांदपुर मुख्य मार्ग पर पहुंचे और धरना प्रदर्शन कर विरोध जताया। ग्रामीणों का आरोप था कि जलनिगम द्वारा बिछाई जा रही पाइप लाइन के ठेकेदार द्वारा गड्ढे खोदकर छोड़ दिया जा रहा है। ग्रामीणों का कहना था कि सड़क पर बने गड्ढों के चलते स्कूली बसों सहित अन्य वाहनों का आवागमन प्रभावित हो रहा था। शिकायत करने के बाद भी विभागीय अधिकारियों द्वारा इसे दुरस्त नहीं कराया गया। ग्रामीणों ने बताया कि बारिश के दौरान इन गड्ढे में पानी भरने की समस्या से यह परेशानी ओर भी बढ़ सकती हे।
उधर प्रदर्शन की जानकारी मिलने पर जल निगम के एक्सईन एमवे किदवई, एई हर्षराम मौके पर पहुंचे और दो दिन के भीतर समस्या का निदान करने का आश्वासन देकर प्रदर्शन कर रहे लोगों को शांत कराया। प्रदर्शन करने वालों में अकील अहमद, परशुराम, सूरज, नसीम, राजेश, महेंद्र, अजय गुप्ता, हिसामुद्दीन, असरफ आदि ग्रामीण मौजूद थे।