रानीपुर थाने के खुरहट पुलिस चौकी पर बुधवार को प्रदर्शन और पुतला दहन के दौरान एक दीवान का हाथ झुलस जाने की घटना को लेकर ज्ञापन सौंपने और धरना प्रदर्शन पर पुलिस ने रोक लगा दिया है। क्षेत्राधिकारी नंदलाल ने बताया कि खुरहट की घटना को देखते हुए कोतवाली पुलिस चौकी अथवा सार्वजनिक स्थानों पर ज्ञापन देने पुतला दहन करने आदि पर रोक लगा दी गई है। पुलिस ने बृहस्पतिवार को शहीद चौराहे से लेकर कोतवाली और खैराबाद तक सघन चेकिंग अभियान चलाया। कोतवाल नीरज पाठक ने बताया कि ज्ञापन सौंपने और पुतला दहन करने आदि पर रोक रहेगी। जिससे खुरहट जैसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो सके।
पांच प्रदर्शनकारियों का चालान
रानीपुर। थाना क्षेत्र के खुरहट पुलिस चौकी के पास बुधवार की शाम भाकपा और उत्तर प्रदेश किसान सभा के तत्वावधान में किसान विरोधी बिल के विरोध में सरकार के खिलाफ प्रदर्शन कर पुतला दहन करने से रोकने के दौरान एक दीवान का हाथ झुलस गया। पुलिस ने इस घटना में पांच लोगों के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस ने इस घटना में आरोपी रामकुमार भारती सहित पांच नेताओं का बृहस्पतिवार को चालान कर दिया।