मऊ/ हलधरपुर। जिले में जाम से जूझ रहे दो रेलवे क्राॅसिंग पर आरओबी बनाने की स्वीकृति मिलने के बाद लोगों की उम्मीदें जगी।
इंदारा फेफना रेलखंड पर स्थित रेलवे क्राॅसिंग थलईपुर और रतनपुरा क्राॅसिंग मऊ-बलिया के मुख्य मार्ग पर हैं। जिस पर 24 घंटे में 15 से अधिक ट्रेनों के गुजरने पर फाटक बंद होता है। जिससे यहां जाम लगा रहता है।
कई बार दो ट्रेनों के गुजरने से फाटक 20 से 25 मिनट तक बंद रहता है। जाम समाप्त होने में लगभग 15 मिनट का समय लग जाता है, इससे लोगों की परेशानी दोगुनी हो जाती है।
लोगों ने जनप्रतिनिधियों और रेलवे के उच्चाधिकारियों को पत्र देकर दोनों रेलवे क्राॅसिंग पर ओवरब्रिज बनाने की मांग की, लेकिन समस्या का समाधान नहीं हुआ। मऊ-बलिया मार्ग पर थलईपुर और रतनपुरा बाजार में रेलवे क्राॅसिंग है।
मऊ से बिहार और बलिया के लोग मऊ, आजमगढ़ और लखनऊ आते जाते हैं। अधिक समस्या रतनपुरा रेलवे क्राॅसिंग पर होती है। रतनपुरा, क्षेत्र का प्रमुख बाजार होने के साथ ब्लॉक मुख्यालय और सीएचसी भी है।
रेफर करने के बाद जिला अस्पताल ले जाते समय एंबुलेंस भी जाम में फंस जाती है। बालनिकेतन रेलवे क्राॅसिंग और इंदारा रेलवे क्राॅसिंग पर ओवरब्रिज बनाने के लिए आठ माह पहले ही बजट मिल गया था। इसके बनने से नगर पालिका क्षेत्र के पांच किलोमीटर के दायरे में पांच ओवरब्रिज हो जाएंगे।