ज्ञापन सौंपते राष्ट्रीय लोकदल के कार्यकर्ता।
मऊ। राष्ट्रीय लोकदल के कार्यकर्ताओं ने अपनी विभिन्न मांगों को लेकर सोमवार को मुख्यमंत्री को संबोधित ज्ञापन जिलाधिकारी को सौंपा। इस मौके पर रालोद के वरिष्ठ नेता देवप्रकाश राय ने कहा कि उत्तर प्रदेश की किसान मजदूर विरोधी वर्तमान सरकार ग्रामीण अर्थव्यवस्था को तबाह करने के लिए एक और कदम आगे बढ़ चुकी है। सरकार ने चालू वित्तीय वर्ष में ग्रामीण क्षेत्र की बिजली दरों में 260 प्रतिशत से 350 प्रतिशत तक वृद्धि कर हर ग्रामीण उपभोक्ताओं पर भार डाल दिया है।
उन्होंने कहा कि 13 अगस्त तक पोल खोल धावा बोल अभियान चलाया जा रहा है। अब तक जून जुलाई में जो वर्षा हुई है पिछले 25 वर्षो में सबसे कम वर्षा हुई है। 30 प्रतिशत वर्षा से किसान अब तक 50 प्रतिशत धन की रोपाई नहीं कर पाया है। अरहर की फसल 100 प्रतिशत अंकुरित होकर सूख गई है। प्रधानमंत्री फसल बीमा कंपनी करोड़ों रुपया किसानों से ले रही है। एक प्रतिशत भी किसानों को क्लेम नहीं दे रही है। जिले में 60 प्रतिशत सूखा से क्षति दिखाई दे रहा है तत्काल जिले को सूखाग्रस्त घोषित किया जाए। जिले में कुल 70 माइनरें हैं जिसमें टेल तक पानी नहीं पहुंचा है। पिछले वर्ष भूमिगत जलस्तर 10 मीटर था इस वर्ष सूखे के कारण 25 प्रतिशत नीचे है। नलकूप तथा इंडिया मार्क टू हैंडपंप का भी जलस्तर काफी नीचे चला गया है। इस अवसर पर दलसिंगार, देवेंद्र सिंह, गोपाल दुबे, अखिलेश सिंह, रजीकांत तिवारी, कृष्णानंद तिवारी, विनय सिंह, श्रीकांत श्रीवास्तव आदि शामिल रहे।